धर्मेंद्र कश्यप के सपा में जाने से भाजपा पर नहीं पड़ेगा कोई असर: धर्मपाल सिंह
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली के ग्राम पंचायत गैनी में ग्रामीणों से जनसंवाद के दौरान पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद के जाने से भारतीय जनता पार्टी की सेहत और प्रभाव पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इस स्थिति की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह समुद्र से एक घड़ा पानी निकाल लेने से समुद्र कम नहीं होता, ठीक उसी प्रकार किसी एक नेता के जाने से पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ता।
प्रत्येक वर्ग के विकास पर भाजपा का ध्यान
कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने समाज के हर वर्ग और तबके को ध्यान में रखकर विकास योजनाएं तैयार की हैं और उन्हें धरातल पर उतारा है। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और उन्हें अपनी फोटोस्टेट कॉपी करार दिया।
ग्राम पंचायत गैनी में आयोजित इस वार्ता कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राम प्रधान सुजेंद्र सिंह, राजकुमार कश्यप, मूलचंद कश्यप, अनोखेलाल सागर, सुनील सागर और विनोद वर्मा समेत भारी तादाद में ग्रामीण मौजूद रहे और मंत्री के विचारों को सुना।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: मेरठ में फर्जी वोट बढ़ाने के वायरल ऑडियो पर चुनाव आयोग का जवाब, आरोपों को बताया निराधार

