दिवाली की मिठाई से रहें सावधान! कहीं चूहों का डेरा तो कहीं पनीर में स्टार्च, यूपी के 38 जिलों में छापेमारी

UP Food Safety Raid: दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश में मिठाई और नमकीन की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कहीं मिठाइयों के पास चूहे घूमते मिले, तो कहीं गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार हो रही थीं। अमरोहा में पनीर में स्टार्च मिलाने का मामला भी सामने आया।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत 17 मंडलों के 38 जिलों में 260 दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान 303 सैंपल लिए गए और 229 प्रतिष्ठानों को सुधार के नोटिस जारी किए गए। 15 के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की सिफारिश हुई। करीब 7,660 किलो खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई, जिसकी कीमत 15.40 लाख रुपये से अधिक है।

कहीं मिठाइयों पर चूहे, कहीं पनीर में स्टार्च

औरैया के बिधूना स्थित इंद्रावर स्वीट हाउस में मिठाइयों के आसपास चूहे घूमते मिले। शिवाजी स्वीट हाउस में मिठाइयां अखबार पर रखी थीं और इस्तेमाल किए तेल को दोबारा उपयोग करने की बात सामने आई। पाल स्वीट हाउस में भी सफाई की कमी मिली। सीतापुर के राजस्थानी स्वीट्स में स्टोरेज वाली जगह पर चूहे मिले, जबकि शामली के संगल स्वीट्स में खाद्य सामग्री फर्श पर गंदे कपड़े से ढककर रखी गई थी।

अमरोहा की अनीस पनीर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में पनीर में स्टार्च मिला। विभाग ने पनीर नष्ट कराकर लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की।

रायबरेली के सागर जी परफेक्ट शॉप में गंदगी, कीड़े-मकोड़े और पानी के छींटे मिठाइयों तक पहुंचने जैसी खामियां मिलीं। न्यू नरेश स्वीट्स में खुले खाद्य पदार्थ और कर्मचारियों के हेल्थ सर्टिफिकेट की कमी सामने आई। कानपुर देहात के पंचवटी स्वीट हाउस में गंदे फ्रिज, जबकि बदनाम गुझिया में सफाई की कमी और मिठाई बनाने की जगह पर पालतू जानवर मिले।

झांसी, अंबेडकर नगर, अलीगढ़, हाथरस और फिरोजाबाद में भी गड़बड़ियां मिलीं। हाथरस में बिना लाइसेंस चल रही शंकर स्वीट्स बंद कराई गई और फिरोजाबाद के ढोकला हाउस पर भी कार्रवाई हुई।

मिठाई खरीदते समय रखें ध्यान

जांच (UP Food Safety Raid) में दूध, खोया, छेना, बेसन, मैदा, तेल, घी, मसालों, खाद्य रंग और पानी की गुणवत्ता भी परखी गई। इसके अलावा कर्मचारियों की सेहत, कीड़े-मकोड़ों से बचाव, लाइसेंस और पैकिंग की जांच हुई।

मिठाई खरीदते समय दुकान की साफ-सफाई देखें। खुले में रखी या गंदे बर्तनों में रखी मिठाइयों से बचें। पैक्ड सामान लेते समय पैकिंग और इस्तेमाल की आखिरी तारीख जरूर जांचें।

Also Read: अमेठी के मेले में खस्ता खाने से 102 लोग बीमार, 39 बच्चे भी शामिल, 17 मरीज मेडिकल कॉलेज रेफर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.