इंडिया ब्लॉक की रैली के खिलाफ 1 नवंबर को BJP का मार्च, 1984 दंगा पीड़ितों के साथ जुटेंगे हजारों लोग

BJP Vs Congress Delhi March: दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली के विरोध में बीजेपी एक नवंबर को विरोध मार्च निकालेगी। पश्चिमी दिल्ली के सिख बहुल इलाके हरिनगर में होने वाले इस मार्च में 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों समेत 5 हजार से ज्यादा लोगों के जुटने की तैयारी है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri) मार्च का नेतृत्व करेंगे।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सिख समाज 1984 के दंगों को आज भी नहीं भूला है। 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक का समय सिख परिवारों के लिए बेहद पीड़ादायक रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान हजारों निर्दोष सिखों की हत्या की गई और उनके घर-दुकानों को लूटा व जलाया गया।

राहुल गांधी की रैली पर बीजेपी ने उठाए सवाल

हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राहुल गांधी की राजनीतिक रीलॉन्च रैली के लिए 1 नवंबर की तारीख चुनकर सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस 1984 के दंगों के लिए सिख समाज से माफी मांगे।

मल्होत्रा के मुताबिक, पिछले 10 दिनों से सिख समाज के नेता और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी बीजेपी नेताओं से मिलकर विरोध मार्च निकालने की मांग कर रहे थे। उनके आग्रह पर यह फैसला लिया गया।

बीजेपी ने दिवाली के सप्ताह में बड़ी रैली होने से दिल्ली के व्यापारियों को नुकसान और बाजारों में जाम की आशंका भी जताई है। पार्टी का कहना है कि 1 नवंबर से BS-6 से पुराने वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध लागू होने के कारण रैली में आने वाले वाहनों को परेशानी हो सकती है। इससे प्रदूषण बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।

1 नवंबर को रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की भी रैली

दिल्ली में 1 नवंबर को ही कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA ब्लॉक की ‘चलो दिल्ली’ रैली (India Block Dilli Chalo Rally) भी प्रस्तावित है। यह कार्यक्रम रामलीला मैदान में होगा। राहुल गांधी ने लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है। विपक्षी गठबंधन इस रैली के जरिए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को उठाएगा। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी। ऐसे में एक ही दिन दिल्ली में INDIA ब्लॉक की रैली और बीजेपी का विरोध मार्च होने से राजनीतिक गतिविधियां तेज रहेंगी।

Also Read: लखनऊ में लगे ‘चचा हैं तो सपा है’ के पोस्टर, शिवपाल की तस्वीर के साथ अखिलेश गायब, उठे सियासी सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.