Lucknow News: 14 करोड़ के 7 दुर्लभ फॉलकन पक्षियों के साथ मुंबई का अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने दुर्लभ एवं संरक्षित (अनुसूची-1) वन्यजीवों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। लखनऊ के मदेयगंज थाना क्षेत्र से दबोचे गए इस आरोपी के पास से 7 अति दुर्लभ फॉलकन पक्षी बरामद हुए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 14 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मुंबई से जुड़े हैं तार, खाड़ी देशों में होती थी सप्लाई

एसटीएफ टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान फिरोज मुसर्रत खान (पुत्र मुसर्रत बरकतला खान), निवासी बाइकला (मुंबई, महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी 30 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे मदेयगंज के इरादत नगर स्थित एक मकान से हुई।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका गिरोह उत्तर प्रदेश के तराई वाले जंगलों जैसे गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर से इन अति दुर्लभ पक्षियों को अवैध रूप से एकत्र करता था। इसके बाद इन्हें मुंबई के रास्ते खाड़ी देशों—दुबई, सऊदी अरब और बहरीन—में मोटी कीमतों पर सप्लाई किया जाता था।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश्वर चन्द्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण और उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम लखनऊ में सूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान मुंबई के तस्कर के दुर्लभ पक्षियों के साथ लखनऊ पहुंचने का सटीक इनपुट मिला। एसटीएफ ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो लखनऊ की टीम के साथ तालमेल बिठाकर त्वरित छापेमारी की और आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया।

पुलिस और एसटीएफ की टीम ने अभियुक्त के कब्जे से 7 फॉलकन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 के तहत अत्यंत संरक्षित प्रजाति, 1 मोबाइल फोन औरएवं 1 पहचान पत्र (आधार कार्ड) जब्त किए हैं। अभियुक्त के खिलाफ थाना मदेयगंज (कमिश्नरेट लखनऊ) में मुकदमा अपराध संख्या 135/2026, धारा 9, 39, 49, 50, 51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: राष्ट्रीय एकात्मता को अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.