उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान संग की शादी, सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर दी जानकारी

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान के साथ अपनी शादी की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने राजदान के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए और उन्हें टैग करते हुए लिखा, “कल एक नया सफर शुरू हुआ।” शादी के अगले दिन सामने आई इस पोस्ट के साथ ही जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के जीवन का एक नया अध्याय शुरू हो गया है।

सुप्रीम कोर्ट से तलाक की मंजूरी के बाद लिया फैसला

यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट द्वारा उमर अब्दुल्ला और उनकी पूर्व पत्नी पायल अब्दुल्ला के बीच विवाह को समाप्त करने पर सहमति जताने के लगभग तीन महीने बाद आया है। 31 जुलाई, 2026 को शीर्ष अदालत ने दोनों पक्षों द्वारा आपसी सहमति से रिश्ते को खत्म करने और सभी लंबित विवादों को सुलझाने की बात स्वीकार करने के बाद उनके तलाक को मंजूरी दी थी। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराए गए मामलों को वापस लेने पर भी सहमति जताई थी।

लंबे कानूनी घटनाक्रम और आपसी सहमति के बाद समाप्त हुआ पिछला रिश्ता

उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने संविधान के अनुच्छेद 142 का हवाला देते हुए आपसी सहमति से विवाह समाप्त करने का आवेदन दिया। अदालत में वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने जानकारी दी थी कि दोनों पक्ष अपने मतभेद सुलझाने पर सहमत हो चुके हैं।

1994 में हुई थी पायल से पहली शादी

उमर अब्दुल्ला और पायल की मुलाकात 1994 में दिल्ली स्थित ‘द ओबेरॉय’ होटल में काम करने के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों ने विवाह किया था। दोनों के दो बेटे, जहीर और जमीर हैं। यह जोड़ा वर्ष 2009 से अलग रह रहा था और 2011 में उमर ने सार्वजानिक रूप से अलग होने का ऐलान किया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने प्रेक्षण में उल्लेख किया था कि दोनों पक्ष कई वर्षों से एक-दूसरे से अलग रह रहे थे।

Also Read: हरदीप सिंह पुरी ने भरा राज्यसभा उपचुनाव का पर्चा, जीत लगभग तय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.