लखनऊ में अखिलेश यादव के खिलाफ लगे ‘बॉयकॉट’ के बैनर, स्वामी प्रसाद मौर्य के मुद्दे पर नाराजगी
Lucknow News: लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के खिलाफ विरोध के बैनर लगाए गए हैं। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में ‘बॉयकॉट अखिलेश यादव’ और ‘बॉयकॉट समाजवादी पार्टी’ लिखे बैनरों के जरिए नाराजगी जाहिर की गई है। यह विरोध स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर अखिलेश यादव की कथित बयानबाजी और सपा कार्यकर्ताओं की अभद्र टिप्पणियों के विरोध में किया गया है।
मौर्य, शाक्य, सैनी और कुशवाहा समाज के लोगों ने इस मुद्दे पर सपा की पीडीए (PDA) राजनीति पर सवाल उठाए हैं। बैनरों पर लिखा है, ‘स्वामी प्रसाद मौर्य का अपमान नहीं सहेगा मौर्य समाज।’
PDA के नारे पर उठाए सवाल
विरोध करने वालों का कहना है कि समाजवादी पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के सम्मान और सामाजिक न्याय की बात करती है, लेकिन स्वामी प्रसाद मौर्य के मामले में पार्टी का रवैया अलग दिखाई दिया। बैनरों के जरिए सवाल उठाया गया है कि PDA का नारा सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित है या पार्टी पिछड़े समाज के नेताओं को भी बराबरी का सम्मान देती है।
राजनीतिक भागीदारी और सम्मान का मुद्दा
प्रदर्शन से जुड़े लोगों का कहना है कि यह मामला केवल स्वामी प्रसाद मौर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पिछड़े समाज के सम्मान और राजनीतिक भागीदारी से जुड़ा है। उनका आरोप है कि समाज के नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों पर सपा नेतृत्व ने प्रभावी रुख नहीं अपनाया।
इसी नाराजगी के चलते मौर्य, शाक्य, सैनी और कुशवाहा समाज के लोगों ने बैनर लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया है। इन बैनरों (Akhilesh Yadav Boycott Banner) के जरिए सपा की नीतियों और पीडीए के नारे पर सवाल उठाए गए हैं।
Also Read: लखनऊ में छेड़छाड़ से परेशान 13 साल की किशोरी ने दी जान, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

