अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में ट्रंप को झटका, सीनेट हाथ से निकली, बोले- मैं मैदान में होता तो जीतते!
US Midterm Election 2026 Result: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट (US Senate) में बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भी उसकी बढ़त लगातार मजबूत हो रही है। शुरुआती नतीजों ने ट्रंप के सामने राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है।
चुनावी नतीजों के बीच ट्रंप ने अपनी हार स्वीकार करने के बजाय सोशल मीडिया पर अलग ही दलील दी। उन्होंने अपने प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “मैं बैलेट पर नहीं था और अगर होता, तो हम भारी बहुमत से जीतते।” उनके इस बयान को रिपब्लिकन पार्टी के कमजोर प्रदर्शन के बीच अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
सीनेट में डेमोक्रेट्स की वापसी, हाउस पर भी नजर
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, डेमोक्रेट्स ने सीनेट में फिर से नियंत्रण हासिल कर लिया है। वहीं, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भी पार्टी ने कई सीटें रिपब्लिकन से छीन ली हैं। शुरुआती मतगणना में डेमोक्रेट्स 218 सीटों के बहुमत के आंकड़े की ओर बढ़ रहे थे। गार्जियन के लाइव आंकड़ों में भी सीनेट में डेमोक्रेट्स को बढ़त दिखाई गई, जबकि हाउस की कई सीटों पर गिनती जारी थी।
इस चुनाव (US Midterm Election 2026) में अमेरिकी मतदाताओं ने ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के शुरुआती दो वर्षों के कामकाज पर भी अपनी राय दी है। महंगाई और रोजमर्रा की चीजों की बढ़ती कीमतें, टैरिफ नीति और ईरान के साथ युद्ध के कारण बढ़े ईंधन के दाम चुनाव में बड़े मुद्दे रहे। एग्जिट पोल में भी ट्रंप की घटती लोकप्रियता और उनके फैसलों को लेकर मतदाताओं की नाराजगी सामने आई।
नतीजे स्वीकार करने को तैयार ट्रंप
चुनावी झटके के बीच ट्रंप ने द न्यूयॉर्क टाइम्स से बातचीत में कहा कि वह चुनावी नतीजों को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, उन्होंने डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने और साझा रास्ता निकालने की बात भी कही।
इस तरह एक तरफ ट्रंप अपनी पार्टी के प्रदर्शन पर सफाई देते दिखे, तो दूसरी तरफ उन्होंने विपक्ष के साथ काम करने की इच्छा भी जताई। सीनेट में डेमोक्रेट्स की वापसी और हाउस के नतीजे ट्रंप के बाकी कार्यकाल के लिए अमेरिकी संसद में समीकरण बदल सकते हैं।
Also Read: अमेरिका के फ्लोरिडा में विमान क्रैश, सड़क पर गिरते ही लगी आग, 9 लोगों की मौत

