शिवा शर्मा हत्याकांड: जेल की नई दिनचर्या में खुद को ढाल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा
Lucknow News: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे लगातार खुलासे के बाद अब लखनऊ की जेल में बंद है। गिरफ्तारी के शुरुआती दिनों में तनाव और घबराहट में रहने वाली श्रद्धा अब धीरे-धीरे जेल के सख्त नियमों और माहौल की आदी हो रही है। जेल प्रशासन के मुताबिक, उसे अन्य सामान्य कैदियों की तरह ही भोजन और दिनचर्या का पालन करना पड़ रहा है। बैरक में पहुंचने पर उसे पहली रात बेचैनी में बीती थी, लेकिन अब वह साथी महिला कैदियों के साथ बातचीत करते हुए नजर आ रही है।
हुक्का बार से शुरू हुई थी लव स्टोरी और ब्लैकमेलिंग का काला खेल
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि श्रद्धा अक्सर लखनऊ के विभूति खंड स्थित किसान बाजार के एक हुक्का बार में जाया करती थी (उसकी अधिकांश सोशल मीडिया तस्वीरें भी इसी कैफे की हैं)। इसी हुक्का बार में उसकी पहली मुलाकात रेस्टोरेंट कारोबारी शिवा शर्मा से हुई थी, जहां उसने अपनी बातों के जाल में शिवा को फंसा लिया था। धीरे-धीरे श्रद्धा का शिवा पर ऐसा प्रभाव बढ़ा कि वह उसकी हर बात मानने लगा था। पुलिस के अनुसार, श्रद्धा केवल शिवा का इस्तेमाल कर रही थी और उसके पास शिवा के कई निजी वीडियो व तस्वीरें थीं, जिनके जरिए वह उसे लगातार ब्लैकमेल करती थी।
हत्या से पहले किया गया था अमानवीय टॉर्चर और अपमान
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वारदात से पहले श्रद्धा और उसके साथियों (बहन रश्मि, करीबी आमिर और ड्राइवर दानिश) ने मिलकर शिवा शर्मा को शारीरिक और मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित किया। आरोपियों ने शिवा के कपड़े उतरवाकर उसके शरीर पर लिपस्टिक लगाई और उसे अपनी बहन व अन्य साथियों के सामने नाचने के लिए मजबूर किया। श्रद्धा बड़े अफसरों और रसूखदार लोगों से अपने संबंधों का हवाला देकर शिवा को डराया करती थी और उससे अपने पैर दबवाती थी। इस सनसनीखेज मामले में नागपुर से गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस फरार हुक्का बार संचालक की भी तलाश कर रही है।
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में बालू अड्डा के पास एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने के बाद 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। इस मौत के बाद पुलिस ने जब गहराई से छानबीन की, तो श्रद्धा दुबे और उसके सहयोगियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम ने 20 अक्टूबर को नागपुर से श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को दबोच लिया था। वर्तमान में मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Also Read: बागपत में वांछित 50 हजार का इनामी गैंगस्टर अरबाज बुलंदशहर से गिरफ्तार

