बिग बैश लीग में मुस्तफिजुर रहमान की एंट्री, पहली बार खेलेंगे टूर्नामेंट, चोटिल बेहरेनडॉर्फ की लेंगे जगह
Sports News: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान अब ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे।
मेलबर्न रेनेगेड्स ने उन्हें पूरे सीजन से बाहर हुए तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडॉर्फ की जगह टीम में शामिल किया है। बेहरेनडॉर्फ कंधे की चोट के कारण इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे।
31 वर्षीय मुस्तफिजुर रहमान का टी20 क्रिकेट में लंबा अनुभव है। वह दुनियाभर में 331 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें उनके नाम 423 विकेट दर्ज हैं।
हालांकि, उन्होंने अब तक बिग बैश लीग में एक भी मैच नहीं खेला है। ऐसे में रेनेगेड्स के साथ उनका जुड़ना इस टूर्नामेंट में उनके ऐतिहासिक डेब्यू का मौका होगा।
पहला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे मुस्तफिजुर
मुस्तफिजुर रहमान टीम के शुरुआती मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहेंगे। यूएई में इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) से जुड़ी प्रतिबद्धताओं के कारण वह पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ रेनेगेड्स का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे।
हालांकि, उन्होंने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेलने को लेकर उत्साह जाहिर किया है। रेनेगेड्स को 1 जनवरी को सिडनी सिक्सर्स और 4 जनवरी को मेलबर्न स्टार्स का सामना करना है।
मुस्तफिजुर ने अपने बयान में कहा, “मैं मेलबर्न रेनेगेड्स के साथ पहली बार बीबीएल में खेलने के लिए उत्सुक हूं।
एमसीजी को अपने घरेलू मैदान के रूप में खेलना खास होगा। मैं अपने साथियों के साथ जुड़ने और टीम में अपना अनुभव लाने के लिए उत्साहित हूं।”
पावरप्ले और डेथ ओवर में विकेट लेने की क्षमता
मेलबर्न रेनेगेड्स के नए कोच ल्यूक रॉन्की ने मुस्तफिजुर को टीम में शामिल किए जाने पर खुशी जताई।
उन्होंने कहा कि टीम में पहले से ही जॉनी बेयरस्टो और माइकल ब्रेसवेल जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मौजूद हैं।
रॉन्की के मुताबिक, मुस्तफिजुर दुनिया भर में टी20 क्रिकेट के मैच विनर हैं। पावरप्ले और डेथ ओवरों में विकेट लेने की उनकी क्षमता टीम के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देगी।
मुस्तफिजुर की एंट्री ऐसे समय में हुई है, जब पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ भी एडिलेड स्ट्राइकर्स से जुड़ गए हैं।
इसके साथ ही मेलबर्न स्टार्स के साथ उनका लंबा जुड़ाव खत्म हो गया है।

