पिता CRPF में, भाई डॉक्टर… बेटे ने चुना क्रिकेट, अब रणजी में मचा रहा तहलका
Sports News: रणजी ट्रॉफी 2026-27 में उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज कार्तिक यादव अपने शानदार प्रदर्शन से चर्चा में हैं।
जिस खिलाड़ी को कभी क्रिकेट के जुनून के कारण परिवार और आसपास के लोगों के बीच ‘नालायक’ समझा जाता था, वह अब मैदान पर अपनी काबिलियत साबित कर रहा है।
कार्तिक ने मौजूदा रणजी सीजन में अब तक चार मैचों की सात पारियों में 27 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उन्होंने तीन बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है।
कार्तिक के लिए यह सफर आसान नहीं रहा। अनुशासित पारिवारिक माहौल में पले-बढ़े कार्तिक के पिता केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में हैं, जबकि उनके बड़े भाई डॉक्टर बनने की तैयारी कर रहे हैं।
परिवार की इच्छा थी कि कार्तिक भी पढ़ाई पर ध्यान दें, लेकिन उन्होंने क्रिकेट को अपना करियर बनाने का फैसला किया। आखिरकार उनके जुनून को देखते हुए पिता ने भी उनका साथ देना शुरू कर दिया।
7 पारियों में 27 विकेट, तीन बार पांच विकेट का कारनामा
रणजी ट्रॉफी 2026-27 में कार्तिक यादव की गेंदबाजी लगातार असरदार रही है। उन्होंने बिहार के खिलाफ छह विकेट झटके।
इसके बाद गोवा और बड़ौदा के खिलाफ भी पांच-पांच विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया। सात पारियों में तीन बार पांच या उससे अधिक विकेट लेने के अलावा एक पारी में चार विकेट भी उनके नाम रहे हैं।
इस प्रदर्शन के दम पर कार्तिक मौजूदा रणजी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर बताए जा रहे हैं।

पिछले साल ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पदार्पण किया था। तमिलनाडु के खिलाफ अपने डेब्यू मुकाबले में पांच विकेट लेकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर बटोरी थी सुर्खियां
कार्तिक यादव का नाम करीब दो साल पहले भी चर्चा में आया था। कानपुर में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच से पहले वह भारतीय टीम के नेट बॉलर के तौर पर मौजूद थे।
इसी दौरान उन्होंने नेट्स पर विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर दिया था।
UPT20 लीग के दौरान दिए इंटरव्यू में कार्तिक ने उस पल को याद करते हुए कहा था, “मुझे नहीं पता विराट सर को मेरी वो गेंद, वो लम्हा याद होगा या नहीं, पर मेरे लिए वो लाइफटाइम मेमोरी है।”
विराट जैसे दिग्गज बल्लेबाज को नेट्स पर बोल्ड करना कार्तिक के लिए यादगार अनुभव रहा।
हालांकि, अब रणजी ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन दिखा रहा है कि वह केवल एक यादगार गेंद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि घरेलू क्रिकेट में लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं।
जडेजा को मानते हैं आदर्श, हार्दिक जैसा है खेलने का अंदाज
कार्तिक यादव रवींद्र जडेजा को अपना आदर्श मानते हैं। वह जडेजा की तरह एक काबिल ऑलराउंडर बनना चाहते हैं। वहीं, मैदान पर उनका आत्मविश्वास और अंदाज हार्दिक पंड्या से प्रभावित है।
कार्तिक चाहते हैं कि वह भी हार्दिक की तरह पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
बेटे के क्रिकेट जुनून के आगे पिता ने बदला फैसला
कार्तिक के परिवार में अनुशासन और पढ़ाई को काफी महत्व दिया जाता रहा है। उनके पिता CRPF में हैं और बड़े भाई डॉक्टर बनने की राह पर हैं।
ऐसे माहौल में कार्तिक का क्रिकेट को करियर चुनना परिवार के लिए एक अलग फैसला था। शुरुआत में पिता चाहते थे कि वह क्रिकेट छोड़कर पढ़ाई पर ध्यान दें, लेकिन बेटे का खेल के प्रति जुनून देखकर उन्होंने उसका समर्थन करना शुरू कर दिया।
अब रणजी ट्रॉफी में कार्तिक का प्रदर्शन उस फैसले का नतीजा दिखा रहा है। चार मैचों में 27 विकेट लेकर उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा है।
घरेलू क्रिकेट में उनका यह प्रदर्शन आगे के सफर के लिए अहम साबित हो सकता है।
Also Read: IND vs NZ: न्यूजीलैंड में सचिन तेंदुलकर के 9 बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं विराट कोहली

