सपा पर बसपा का सीधा सियासी हमला, लखनऊ में लगे दोग… से सावधान वाले पोस्टर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी की एक बेहद महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुलाई है। इस बैठक से ठीक पहले राजधानी लखनऊ के प्रमुख चौराहों पर लगे एक रहस्यमयी और तीखे पोस्टर ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। इन पोस्टर्स पर लाल टोपी के साथ “दोगलों से सावधान” जैसे बड़े शब्द लिखे हैं और साथ ही मायावती तथा बसपा का आधिकारिक बैनर भी चस्पा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन पोस्टर्स के जरिए सीधा निशाना समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर साधा गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, मॉल एवेन्यू स्थित बसपा के राज्य मुख्यालय पर आयोजित होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों के अलावा तमाम छोटे-बड़े पदाधिकारियों को भी तलब किया गया है। इस महामंथन का मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सांगठनिक मजबूती, जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों का आकलन और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श करना है।
मायावती के लिए यह चुनाव केवल सियासी जमीन तलाशने का नहीं, बल्कि पार्टी के राजनीतिक वजूद को बचाने की सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा साबित होने वाला है। पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा को मात्र एक सीट पर संतोष करना पड़ा था। ऐसे में पार्टी को फिर से मजबूती देना, अपने पारंपरिक दलित वोट बैंक को सहेजना और अन्य समुदायों को साधना मायावती के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। इसके अलावा, सपा के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के खिलाफ बसपा लगातार मुखर रही है। ऐसे में आगामी चुनावों में सपा और बसपा के बीच का यह सियासी टकराव बेहद दिलचस्प होने की पूरी उम्मीद है।
Also Read: लखनऊ में सपा दफ्तर के बाहर लगी 27 में कृष्ण आएंगे की होर्डिंग

