त्योहारों पर अलर्ट मोड में UP पुलिस, 17 नवंबर तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
Lucknow News: आगामी त्योहारों (धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा) के दौरान राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने एक बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया है। इसके तहत राज्य के सभी पुलिसकर्मियों की 5 से 17 नवंबर तक की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। डीजीपी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। केवल किसी अति-आवश्यक या आपातकालीन परिस्थिति में ही संबंधित उच्च अधिकारियों की विशेष मंजूरी से छुट्टी मिल सकेगी।
डीजीपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और त्योहारों के दौरान पुलिस गश्त (Patrolling) बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए हैं। यह आदेश सभी एडीजी, पुलिस आयुक्त, आईजी/डीआईजी रेंज और जिलों में तैनात एसएसपी व एसपी को भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि इस फैसले से पहले डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया था। इस समीक्षा बैठक के दौरान त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था के अलावा निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर विशेष निर्देश दिए गए थे।
लंबित कार्य: थाना स्तर पर आने वाली जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण और लंबित मामलों/विवेचनाओं का समयबद्ध निपटारा।
विशेष अभियान: गुमशुदा बच्चों की बरामदगी अभियान की प्रगति और ZFD/RTC की समीक्षा।
डीजीपी के निर्देशों का असर प्रदेश भर के जिलों में दिखने लगा है। अमरोहा जिले में पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देशन में धनतेरस और दीपावली को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जिले के सीओ और कोतवाल ने भारी पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों और सार्वजनिक स्थलों पर पैदल गश्त की। गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा जताया। इसके अलावा, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग की गई और जनता से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Also Read: अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार, बोले- संसद छोड़कर सड़क पर अराजकता फैला रही कांग्रेस

