Siddharthnagar News: दीपावली उत्सव में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर में दीपावली के उल्लास को रचनात्मकता और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ साझा करने के उद्देश्य से गुरुवार को आकांक्षा समिति सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में सदर ब्लॉक के कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल तेतरी बाजार में भव्य दीपावली उत्सव का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी की धर्मपत्नी एवं आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. तनुषा टीआर की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल तेतरी बाजार और मॉडर्न प्राइमरी स्कूल थरौली के करीब 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने आकर्षक दीप सज्जा और रंगोली बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं नृत्य, गायन और काव्य पाठ की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड बनाकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय भी दिया।

आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. तनुषा टीआर ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। उन्होंने बच्चों के उत्साह और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल तेतरी बाजार की आरोही, आरुषि, नीरू, बेबी वर्मा और चांदनी को नृत्य, काजल निषाद व आदित्य राज को कार्ड मेकिंग तथा सौम्या, खुशबू और स्वरा को रंगोली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय थरौली की अनोखी को नृत्य, अनिकेत को कार्ड मेकिंग तथा मुसर्रत, आशिया, सानिया और गुड्डी को गायन में उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एडीएम न्यायिक की पत्नी अलका पांडेय, एसडीएम नौगढ़ की पत्नी आंशू धनखड़, एसडीएम शोहरतगढ़ की पत्नी प्रिया गुप्ता, बीएसए की पत्नी प्रियंका सिंह, सुरैइया खातून, सलोनी उपाध्याय, जिला समन्वयक सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और अमित शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में शिक्षक सुरेंद्र गुप्ता, प्रतिभा त्रिपाठी, सुभाष पांडेय, हरिमोहन सिंह, गौरव शुक्ला, मनोज पांडेय, नेहा श्रीवास्तव, विमला, किरन, वंदना, मृदुला, अजय शुक्ला, वाचस्पति चतुर्वेदी, पवन मिश्रा, अभय पाठक, कृष्ण कुमार और पूनम की उपस्थिति रही। आयोजन ने बच्चों में त्योहार के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ कला, संस्कृति और आपसी सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित किया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Ramayana: फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बना जटायु का किरदार, अनुपम खेर की आवाज ने जीता दिल

