PoK में प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग और ड्रोन हमले, 7 लोगों की मौत, 23 से ज्यादा घायल

PoK Rawalakot Protest Violence: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में एक बार फिर विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई है। रावलकोट में जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पाकिस्तानी सेना और पुलिस पर फायरिंग करने के साथ रिहायशी इलाकों में ड्रोन से हमले करने का भी आरोप लगाया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई शुरू हुई। आरोप है कि सुरक्षा बलों ने बिना चेतावनी फायरिंग कर दी। शुरुआती दो घंटों में ही सात लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद रावलकोट में तनाव फैल गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

ड्रोन हमलों में घरों को निशाना बनाने का आरोप

रावलकोट के लोगों का दावा है कि इस बार सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों के साथ रिहायशी मकानों को भी निशाना बनाया। स्थानीय नेता सरदार उमर नजीर ने कथित ड्रोन हमले के बाद मौके से मिले बम और बारूद के टुकड़े दिखाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन को दबाने के लिए आम नागरिकों के खिलाफ ताकत का इस्तेमाल कर रही है।

JAAC की 38 मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन

जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी लंबे समय से क्षेत्र में 38 मांगों को लेकर आंदोलन कर रही है। इनमें सस्ती बिजली और आटा, राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्वायत्तता और सरकारी खर्चों में कटौती जैसी मांगें शामिल हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नीलम-झेलम हाइड्रो प्रोजेक्ट से बिजली पैदा होने के बावजूद स्थानीय लोगों को महंगी दरों पर बिजली मिल रही है। वे अपने संसाधनों पर अधिकार और इस्लामाबाद का दखल कम करने की भी मांग कर रहे हैं।

इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं बंद, इलाके में तनाव

हिंसा के बाद रावलकोट में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बंद किए जाने की खबर है। कई जगहों पर नाकेबंदी की गई है और सुरक्षा बल गश्त कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, 7 जून से अब तक इस क्षेत्र में 153 नागरिकों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इस आंकड़े की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव को लेकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Also Read: ट्रंप राष्ट्रपति तो बने रहेंगे, लेकिन नहीं चलेगी मनमानी! मिडटर्म चुनाव के बाद इन 5 ताकतों पर लगेगी लगाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.