गाजियाबाद पुलिस चौकी धमाके में आतंकी एंगल की जांच, सोशल मीडिया पोस्ट में संगठन ने ली जिम्मेदारी, जांच जारी
वसुंधरा पुलिस चौकी में रात करीब 10 बजे हुआ था विस्फोट, ‘गाजी 2’ एक्स अकाउंट की पोस्ट की सत्यता खंगाल रहीं जांच एजेंसियां
Ghaziabad News: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए संदिग्ध विस्फोट के मामले में आतंकी एंगल की भी जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘गाजी 2’ नाम के अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन’ नाम के संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
इसी अकाउंट से पहले पुलिस चौकी को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई थी। हालांकि, पोस्ट की प्रामाणिकता और संगठन की भूमिका की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
‘गाजी 2’ नाम के एक्स अकाउंट से की गई पोस्ट में दावा किया गया है कि वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए विस्फोट के पीछे ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन’ का हाथ है।
धमाके के बाद इस तरह की पोस्ट सामने आने से मामले में आतंकी साजिश की आशंका को लेकर जांच तेज हो गई है।
पुलिस और साइबर एजेंसियां अकाउंट की पहचान, पोस्ट के स्रोत और उसकी डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं।

जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि पोस्ट किसी शरारती तत्व की ओर से अफवाह फैलाने के लिए की गई है या इसके पीछे कोई वास्तविक साजिश है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर किए गए दावे को घटना की जिम्मेदारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं माना गया है।
रात करीब 10 बजे हुआ विस्फोट, चौकी के दरवाजे-खिड़कियां क्षतिग्रस्त
चश्मदीदों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज आसपास के इलाके में दूर तक सुनाई दी। धमाके से चौकी के दरवाजे, खिड़कियां और एसी क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और खाना डिलीवर करने आया 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल मौजूद थे।
विस्फोट के दौरान कांच के टुकड़े लगने से विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए नमूने, CCTV फुटेज की जांच
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, पुलिस चौकी के अंदर अचानक विस्फोट हुआ है। धमाका किस उपकरण, विस्फोटक या सामग्री से हुआ, इसका स्पष्ट पता विस्तृत फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने और संभावित अवशेष एकत्र किए हैं। वहीं, पुलिस चौकी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
जांच अधिकारी घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के आधार पर संदिग्धों और विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।
Also Read: PCS अनुपमा सरोज का VRS मंजूर, 2027 में सपा के टिकट पर लड़ सकती हैं चुनाव

