जबलपुर के गाजी नगर की झुग्गी बस्ती में लगी आग, 50 से अधिक घर जलकर राख

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा सामने आया है। गोहलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लेमा गार्डन के पास स्थित गाजी नगर झुग्गी बस्ती में तड़के करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते 50 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। इस हादसे में कई परिवारों का घरेलू सामान, अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी चीजें पूरी तरह नष्ट हो गईं, जिससे त्योहार के सीजन में दर्जनों परिवार बेघर हो गए हैं।

गनीमत यह रही कि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बिजली विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

नुकसान के आकलन में जुटा प्रशासन

फायर फाइटर ओम प्रकाश अहिरवार और डीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि कंट्रोल रूम को रात 2 बजे सूचना मिलने के बाद तुरंत 8 से 9 दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर मौके पर रवाना किए गए। एहतियात के तौर पर मौके पर एंबुलेंस भी तैनात की गई थीं।

डीएसपी अखिलेश गौर के अनुसार, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। प्रभावित क्षेत्र में लगभग 40 से 50 परिवार निवास कर रहे थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह बुझने के बाद प्रशासन द्वारा नुकसान का सटीक आकलन किया जाएगा।

Also Read: योगी सरकार का सरकारी कर्मचारियों को दिवाली तोहफा, डीए बढ़कर हुआ 63%

Get real time updates directly on you device, subscribe now.