जिला कारागार सिद्धार्थनगर में धूमधाम से मनी दीपावली, बंदियों को बांटी गई खेल सामग्री
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर के जिला कारागार में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास, आपसी सौहार्द और सकारात्मक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जेल प्रशासन की ओर से बंदियों को विभिन्न खेलकूद सामग्रियां वितरित की गईं। वहीं जेल अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच मिष्ठान्न वितरण कर खुशियां साझा की गईं।
जेल अधीक्षक सचिन वर्मा की पहल पर बंदियों को कैरम बोर्ड, लूडो, शतरंज, बैडमिंटन रैकेट और शटलकॉक जैसी खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को तनावमुक्त रखने, उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा सकारात्मक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करना रहा। खेल सामग्री पाकर बंदियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक सचिन वर्मा ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि जीवन से अंधकार दूर कर सकारात्मकता की ओर बढ़ने का संदेश देती है। खेलकूद से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ अनुशासन, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।

इसके बाद कारागार परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सौहार्दपूर्ण मिलन समारोह आयोजित किया गया। जेल अधीक्षक ने सभी अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ योगदान की सराहना की। इस दौरान सभी को मिष्ठान्न वितरित किया गया और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर पर्व की खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम में डिप्टी जेलर मुकेश प्रकाश, अजीत चंद, महेश सिंह, प्रभारी अभिषेक कुमार पाण्डेय सहित अन्य कारागार कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Bareilly News: शातिर अपराधी अफसर 6 महीने के लिए जिला बदर

