Siddharthnagar News: मिट्टी के कारीगरों के बीच पहुंचे डीएम शिवशरणप्पा जीएन, खुद चलाया कुम्हार का चाक

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर में दीपावली के पर्व पर मिट्टी के दीयों की परंपरा को प्रोत्साहित करने और स्थानीय कारीगरों के हुनर को सम्मान देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने एक सराहनीय पहल की। उन्होंने विकास खंड नौगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत धेन्सा नानकार पहुंचकर उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना से लाभान्वित कुम्हार एवं कारीगर परिवारों की कार्य इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने न केवल कारीगरों के कार्यों को करीब से देखा, बल्कि स्वयं कुम्हार का चाक चलाकर मिट्टी से विभिन्न सामग्री तैयार करने का प्रयास भी किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कारीगरों द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के दीये और अन्य उत्पादों को देखा। उन्होंने मिट्टी से बने उत्पादों की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली तथा कारीगरों से तैयार सामग्री की खरीदारी भी की। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर कारीगरों में खासा उत्साह देखने को मिला। खास बात यह रही कि जिलाधिकारी ने स्वयं चाक पर बैठकर मिट्टी को आकार दिया और कुम्हारों के पारंपरिक हुनर को करीब से समझने का प्रयास किया।

मिट्टी के कारीगरों के बीच पहुंचे डीएम शिवशरणप्पा जीएन

इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने उपस्थित कारीगरों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके हुनर, मेहनत और पारंपरिक कला की सराहना की। उन्होंने सभी कारीगरों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। उनकी इस पहल को स्थानीय स्तर पर मिट्टी के उत्पाद तैयार करने वाले कारीगरों के लिए प्रोत्साहन के रूप में देखा जा रहा है।

मिट्टी के कारीगरों के बीच पहुंचे डीएम शिवशरणप्पा जीएन

गौरतलब है कि दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीयों का विशेष महत्व है। ऐसे में स्थानीय कुम्हारों द्वारा तैयार किए गए दीयों और अन्य पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से उनकी कला और आजीविका को बढ़ावा मिल सकता है। जिलाधिकारी द्वारा स्वयं मिट्टी के उत्पाद तैयार करने और खरीदारी करने की पहल ने स्थानीय कारीगरों के बीच सकारात्मक संदेश दिया। इस दौरान जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: जिला कारागार सिद्धार्थनगर में धूमधाम से मनी दीपावली, बंदियों को बांटी गई खेल सामग्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.