Barabanki News: थाने के अंदर दो सिपाहियों के बीच जमकर चले लात-घूंसे, वीडियो वायरल होने पर SP ने दोनों को किया सस्पेंड

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। बड्डूपुर कोतवाली कार्यालय के भीतर दो सिपाहियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। एक सिपाही ने दूसरे सिपाही (मुंशी) को नीचे गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

वसूली के रुपयों के बंटवारे को लेकर विवाद की चर्चा

यह मामला करीब 20 दिन पुराना (22 अगस्त) बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली में तैनात मुंशी हरि बाबू और सिपाही अमरीश वर्मा के बीच कहासुनी हुई थी। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कथित तौर पर अवैध वसूली की रकम के बंटवारे और रपट दर्ज करने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इस तरह के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

कोतवाली कार्यालय के अंदर का वीडियो आया सामने

वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कार्यालय में बैठा एक सिपाही अचानक वहां पहुंचे दूसरे वर्दीधारी पुलिसकर्मी के हमले का शिकार हो जाता है। आरोपी सिपाही ने साथी को जमीन पर पटक दिया और उस पर घूंसों की बरसात कर दी। इस दौरान वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। हैरानी की बात यह है कि यह मामला इतने दिनों तक कोतवाली स्तर पर दबा रहा, लेकिन जैसे ही CCTV फुटेज लीक हुआ, उच्चाधिकारियों तक बात पहुंच गई।

एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने दोनों सिपाहियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनका तबादला रिजर्व पुलिस लाइन में कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। कोतवाली के अंदर लगे CCTV का वीडियो सोशल मीडिया तक कैसे पहुंचा, पुलिस अब इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है।

Also Read: कानपुर के दवा कारोबारी हत्याकांड में नया मोड़, बहू से ज्यादा बेटे की हत्यारोपी से हुई बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.