UP के शिक्षकों के लिए सुनहरा मौका! हर ब्लॉक में होगी ARP की भर्ती, मिलेगा अतिरिक्त भत्ता
ARP Recruitment in UP: उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए नई जिम्मेदारी और अतिरिक्त अवसर लेकर बड़ा फैसला किया गया है। राज्य के प्रत्येक विकासखंड में छह-छह अकादमिक रिसोर्स पर्सन (ARP) तैनात किए जाएंगे। इसके तहत पूरे प्रदेश में कुल 4956 शिक्षकों का चयन किया जाएगा, जो स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने और शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने का काम करेंगे।
चयनित शिक्षकों को नियमित कार्यों के साथ स्कूलों की शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी, मूल्यांकन और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। इसके लिए उन्हें हर महीने यात्रा भत्ता भी दिया जाएगा।
ऐसे शिक्षक कर सकेंगे आवेदन
ARP पद के लिए वही शिक्षक आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने कम से कम पांच वर्ष की सेवा पूरी कर ली हो। इसके अलावा जिन शिक्षकों की सेवानिवृत्ति में कम से कम पांच वर्ष का समय शेष है, वे भी आवेदन के पात्र होंगे।
चयनित शिक्षकों की नियुक्ति प्रारंभ में एक वर्ष के लिए होगी। प्रदर्शन संतोषजनक रहने पर कार्यकाल को अधिकतम तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकेगा। हालांकि जो शिक्षक पहले तीन वर्ष तक एआरपी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं, वे दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगे।
लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से होगा चयन
ARP चयन प्रक्रिया 100 अंकों पर आधारित होगी। इसमें:
- 70 अंक लिखित परीक्षा के होंगे
- 30 अंक साक्षात्कार के लिए निर्धारित किए गए हैं
चयनित एआरपी अपने ब्लॉक के 30 विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करेंगे। वे पाठ्यक्रम की प्रगति, शैक्षिक कैलेंडर के अनुपालन और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे। साथ ही प्रत्येक माह की कार्य रिपोर्ट डायट (DIET) को भेजनी होगी।
चयन प्रक्रिया के लिए प्रत्येक जिले में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की जाएगी।
मिलेगा यात्रा भत्ता और अन्य सुविधाएं
ARP और SRP को प्रतिमाह 4500 रुपये का यात्रा भत्ता दिया जाएगा। वहीं डायट मेंटर को 2000 रुपये मासिक यात्रा भत्ता मिलेगा। इसके अलावा शिक्षण सामग्री (TLM) के लिए हर महीने 500 रुपये की ग्रांट भी प्रदान की जाएगी।
प्रदेश सरकार का मानना है कि इससे विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।
Also Read: Lucknow में घर का सपना होगा पूरा! LDA की दो मेगा योजनाएं लॉन्च, हजारों प्लॉटों के लिए खुलेगा आवेदन

