Lucknow: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 200 मीटर दूर गिरे मलबे के टुकड़े, महिला की मौत

Lucknow News: लखनऊ के नगराम क्षेत्र स्थित देवती गांव में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के बाहर संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरी फैक्ट्री कुछ ही सेकंड में जमींदोज हो गई और उसके मलबे के टुकड़े करीब 200 मीटर दूर तक जा गिरे। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रही 22 वर्षीय मारिया की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, एसडीआरएफ और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

मलबे में दब गई महिला कर्मचारी, एक की हालत गंभीर

फैक्ट्री में काम कर रही मारिया विस्फोट के दौरान गंभीर रूप से झुलस गई और मलबे के नीचे दब गई। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं कर्मचारी मोहित गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। हादसे में फैक्ट्री के बाहर खड़ी दो बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोट के बाद लगातार कई धमाके सुनाई दिए, जिससे लोग घरों से बाहर निकल आए। आसपास के खेतों में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा और मवेशी भी भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे।

जांच में सामने आईं सुरक्षा में बड़ी लापरवाहियां

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में भारी मात्रा में पटाखे और बारूद का भंडारण किया गया था, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। मौके पर अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली। पुलिस और दमकल विभाग की टीम यह भी जांच कर रही है कि लाइसेंस की शर्तों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

पुलिस ने फैक्ट्री संचालक सफीक उर्फ चांद और एक कर्मचारी सूरज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सफीक का दावा है कि उसके पास वर्ष 2016 से पटाखा निर्माण और भंडारण का वैध लाइसेंस है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा संबंधी कई पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

हादसे के बाद बम निरोधक दस्ते ने भी मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Lucknow News: KGMU में पानी की टंकी साफ करने उतरे युवक की करंट लगने से मौत, ट्रॉमा सेंटर में परिजनों का हंगामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.