इश्क में अंधी मां बनी बेटे की कातिल! प्रेमी संग रची 7 साल के मासूम की हत्या की साजिश
UP Crime: मेरठ में सात साल के मासूम अंगदवीर की हत्या के मामले में पुलिस जांच ने एक ऐसा खुलासा किया है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिस मां पर बेटे की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वही उसके कत्ल की साजिश में शामिल निकली। पुलिस के मुताबिक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या इसलिए कराई ताकि उनके अवैध संबंधों का राज खुल न सके और दोनों भविष्य में साथ रह सकें।
पुलिस के अनुसार बहसूमा क्षेत्र निवासी अंगदवीर का कुछ दिन पहले अपहरण कर लिया गया था। बाद में उसकी हत्या कर शव हस्तिनापुर क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अर्पित नाम के युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और मोबाइल डेटा की जांच में सामने आया कि अर्पित के मृतक बच्चे की मां गुरप्रीत कौर से अवैध संबंध थे।
बेटे ने देख लिया था मां और प्रेमी का राज
जांच में पता चला कि कुछ समय पहले अंगदवीर ने अपनी मां और अर्पित को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद गुरप्रीत को डर था कि बेटा परिवार के अन्य लोगों को इस बारे में बता देगा। इसी आशंका के चलते दोनों ने मासूम को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पुलिस जांच के मुताबिक घटना वाले दिन गुरप्रीत ने ही अंगदवीर को अर्पित की कार में बैठाया था। उसने बेटे से कहा कि “अंकल तुम्हें चॉकलेट दिलाने ले जा रहे हैं।” मां की बात पर भरोसा कर मासूम खुशी-खुशी कार में बैठ गया। इसके बाद अर्पित उसे अपने साथ ले गया और उसकी हत्या कर दी।
जांच के दौरान रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी, जिससे आरोपियों की गतिविधियों की पुष्टि हुई।
मोबाइल चैट ने खोला पूरा राज
पुलिस को दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन से अहम चैट और बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं। जांच में एक संदेश सामने आया जिसमें लिखा था, “काम हो गया है, तेरे बेटे को मार दिया है, टेंशन मत ले।” इसी डिजिटल सबूत ने पूरे हत्याकांड की परतें खोल दीं।
पुलिस का कहना है कि दोनों ने योजना बनाई थी कि मामला शांत होने के बाद वे कहीं और जाकर शादी कर लेंगे और नई जिंदगी शुरू करेंगे।
पति से तलाक चाहती थी महिला
पूछताछ में गुरप्रीत कौर ने बताया कि उसका पति गुरसेवक सिंह सऊदी अरब में नौकरी करता है। वह लंबे समय से पति से तलाक चाहती थी, लेकिन पति इसके लिए तैयार नहीं था। इसी दौरान उसकी नजदीकियां अर्पित से बढ़ीं और दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया।
एसपी देहात अभिजीत कुमार के मुताबिक गुरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटा रही है और पूरे षड्यंत्र की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
Also Read: कानपुर देहात में बोतल वाले बाबा का भंडाफोड़, रेप के प्रयास का आरोप, उठा ले गई पुलिस

