Bareilly News: अवैध डोडा के साथ तस्कर सलाउद्दीन गिरफ्तार

Bareilly News: जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोजीपुरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को भारी मात्रा में अवैध डोडा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सलाउद्दीन के रूप में हुई है, जिसके पास से 4 किलो 10 ग्राम अवैध डोडा बरामद किया गया है।

थाना प्रभारी भोजीपुरा कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 18 जून की रात करीब 10:30 बजे मुखबिर की सूचना पर ग्राम समसपुर मंदिर से जटौआ जाने वाले मोड़ के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में जा रहे सलाउद्दीन (पुत्र विशालुउद्दीन), निवासी वार्ड नंबर 18, मोहल्ला नूरी नगर (कस्बा व थाना बहेड़ी, बरेली) को रोककर तलाशी ली गई, तो उसके पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भोजीपुरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 425/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/15 में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

ट्रक ड्राइवरों को शिकार बना कमाता था मोटा मुनाफा

पुलिस कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी सलाउद्दीन ने अपना जुर्म कबूल करते हुए तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उसने बताया, मैं हाईवे पर राह चलते अनजान ट्रक ड्राइवरों से कम दामों में डोडा खरीद लेता था। इसके बाद ज्यादा मुनाफे के लालच में इसे छोटे-छोटे पैकेटों में राहगीरों और दूसरे अनजान ड्राइवरों को महंगे दामों में बेच देता था। इससे होने वाली अवैध कमाई से ही मैं अपने परिवार का खर्च चला रहा था।

गत रात भी मैं इसे ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में जा रहा था, तभी पुलिस ने घेर लिया। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक गौरव चौधरी, हेड कांस्टेबल परमानन्द सिंह और कांस्टेबल संजय सागर शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: क्या कोविड वैक्सीन से बढ़ रहा है हार्ट अटैक का खतरा? नई स्टडी में मिला जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.