Re-NEET से पहले राजस्थान में बड़ा एक्शन, अमेरिका का VPN और पेपर माफिया नाम से ठगी करने वाला छात्र गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: पुनः आयोजित होने जा रही मेडिकल प्रवेश परीक्षा (Re-NEET) से महज तीन दिन पहले राजस्थान की भीलवाड़ा पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने नकली प्रश्नपत्र असली बताकर बेचने के आरोप में 19 वर्षीय छात्र आकाश चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी देश में अस्थाई रूप से प्रतिबंधित हो चुके टेलीग्राम ऐप को अमेरिकी वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) और प्रॉक्सी सर्वर के जरिए चलाकर छात्रों से मोटी रकम ऐंठ रहा था। दिल्ली से मिले इनपुट के आधार पर भीलवाड़ा के पटेल नगर स्थित घर से उसकी गिरफ्तारी हुई।

जयपुर में पढ़ाई, भीलवाड़ा में ठगी का जाल

मूल रूप से चूरू के रावतसर का रहने वाला आकाश चौधरी पिछले कई सालों से परिवार के साथ भीलवाड़ा में रह रहा था। 12वीं पास करने के बाद वह जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और दो दिन पहले ही भीलवाड़ा आया था।

प्रताप नगर थाना प्रभारी सुनील ताड़ा के मुताबिक, आकाश ने टेलीग्राम पर पेपर माफिया नाम से एक गुप्त चैनल बनाया था, जिसमें 52 सदस्य जुड़े थे। वह नीट की एक साधारण गाइड/किताब के पन्नों को स्कैन और एडिट करके डमी पेपर तैयार करता था। इसके बाद वह छात्रों को क्यूआर (QR) कोड भेजकर डिजिटल माध्यम से अपने बैंक खाते में प्रति छात्र 4,000 रुपए ट्रांसफर करवाता था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, नीट की किताबें और बैंक दस्तावेज जब्त किए हैं।

भारत सरकार के एस-मेक (S-Mek) पोर्टल के जरिए भीलवाड़ा एसपी ऑफिस की स्पेशल विंग और डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) को इस संदिग्ध गतिविधि का अलर्ट मिला था। तकनीकी पड़ताल में सामने आया कि देश में टेलीग्राम बैन होने के बावजूद आरोपी अमेरिकी नेटवर्क (USA VPN) का इस्तेमाल कर ऐप को एक्सेस कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। अब उसके बैंक खातों और ठगी के शिकार हुए छात्रों की लिस्ट खंगाली जा रही है।

Also Read: NEET UG 2026: जूते-जूलरी बैन, 1:30 बजे के बाद एंट्री नहीं, परीक्षा से पहले जानें NTA के 10 बड़े नियम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.