बसपा में स्टिंग से सियासी भूचाल, टिकट के ‘रेट’ पर मचा बवाल, मायावती बोलीं- विरोधियों की चाल
BSP Sting Operation News: बहुजन समाज पार्टी (BSP) एक बड़े स्टिंग ऑपरेशन के बाद राजनीतिक विवादों में घिर गई है। एक मीडिया ग्रुप के स्टिंग में दावा किया गया है कि यूपी के बीएसपी अध्यक्ष विश्वनाथ पाल पार्टी प्रमुख मायावती से मुलाकात और विधानसभा टिकट के लिए पैसे की मांग करते नजर आए। रिपोर्ट के अनुसार, 5 लाख रुपये मुलाकात के लिए और 3.35 करोड़ रुपये टिकट के लिए बताए गए।
टिकट के लिए करोड़ों की डील
स्टिंग वीडियो में विश्वनाथ पाल एक रिपोर्टर से, जो बनावटी टिकटार्थी बना था, कहते दिखते हैं कि “बहनजी से मिलने के लिए 5 लाख रुपये लेकर चलना होगा।” इसके अलावा उन्होंने टिकट के लिए करोड़ों रुपये की व्यवस्था की बात भी कही। यह बातचीत लखनऊ की बख्शी का तालाब सीट से टिकट मांगने के दौरान सामने आई बताई जा रही है।
मायावती ने दी सफाई
इस मामले पर बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए कहा कि यह सब विरोधी दलों की साजिश है। उन्होंने लिखा कि बसपा गरीब और वंचितों की पार्टी है और यह किसी पूंजीपति के सहारे नहीं चलती। मायावती ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही पार्टी को बदनाम करने के लिए इस तरह के स्टिंग और अफवाहें फैलाई जाती हैं।
मायावती ने कहा कि टिकट चयन के लिए पार्टी उम्मीदवारों की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक स्थिति की जांच की जाती है। यह प्रक्रिया पार्टी की मजबूती के लिए होती है, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीएसपी अपने मिशन 2027 के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है और कार्यकर्ताओं को ऐसे षड्यंत्रों से सावधान रहना चाहिए।

