प्राइवेट स्कूलों की मनमानी फीस बढ़ोतरी के खिलाफ आप छात्र विंग का हल्ला बोल, पुलिस ने कार्यकर्ताओं लिया हिरासत में
Lucknow News: आम आदमी पार्टी (AAP) की छात्र विंग की ओर से प्राइवेट स्कूलों के मनमानी फीस बढ़ात्तरी के विरोध में राजधानी लखनऊ की सड़कों पर प्रदर्शन किया गया। आप कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन चौक और केडी सिंह मेट्रो स्टेशन के पास गुरुवार को भारी हंगामा किया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदेश महासचिव अनित रावत समेत कई साथियों को गिरफ्तार कर इको गार्डन भेज दिया।
कागजों तक सीमित रह गया फीस अधिनियम
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश महासचिव अनित रावत ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था अब सेवा नहीं, बल्कि व्यापार बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी स्कूल हर साल 20 से 30 प्रतिशत तक फीस बढ़ाकर अभिभावकों की कमर तोड़ रहे हैं। फीस अधिनियम 2018 का जमीन पर कोई पालन नहीं हो रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। सरकारी स्कूलों को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है ताकि निजी स्कूलों का सिंडिकेट फल-फूल सके।

ड्रेस और किताबों के नाम पर वसूली का आरोप
अनित रावत ने एक और गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि निजी स्कूल अभिभावकों पर कॉपी-किताबें और ड्रेस एक ही तय दुकान से खरीदने का अवैध दबाव बना रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इस सिंडिकेट और जबरन वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषी स्कूलों की मान्यता रद्द की जाए।

पुलिस की कार्रवाई पर भड़के कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जब कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करना शुरू किया, तो अनित रावत ने इसे योगी सरकार की तानाशाही करार दिया। उन्होंने कहा, गिरफ्तारी से हमारी आवाज नहीं दबेगी। यदि 15 दिनों के भीतर फीस लूट पर लगाम नहीं लगी, तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश के हर जिले में फैलाया जाएगा।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, यशवीर सिंह सेंगर, आशीष मौर्य, प्रदेश सचिव चंद्रजीत यादव, आकाश वर्मा, नीरज गुप्ता, सलमान, सूरज, विकास और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Read: कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 विधायकों किया निलंबित

