शहाबुद्दीन के विधायक बेटे ओसामा शहाब पर एक और FIR, डॉक्टर दंपत्ति की जमीन कब्जा करने का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार सरकार भले की सुशासन की बात कर रही हो, लेकिन हालात कुछ और ही बयां कर रहे हैं। बढ़ती आपराधिक घटनाएं सरकार के दावों की पोल घोलने के लिए काफी है। बिहार के सीवान जिले से कुछ इसी तरह का मामला सामने आया है। पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे और रघुनाथपुर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक ओसामा शहाब की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। डॉक्टर दंपत्ति की जमीन अवैध रूप से कब्जाने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने के आरोप में विधायक ओसामा समेत 35 से ज्यादा लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रह रहे डॉक्टर विनय सिंह और उनकी पत्नी डॉक्टर सुधा सिंह ने सीवान के थाने में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि सीवान के जूनापुर गांव स्थित बायपास रोड पर उनकी कीमती जमीन है। आरोपियों ने उन पर दबाव बनाया कि वे विधायक ओसामा शहाब के पक्ष में जमीन छोड़कर गोरखपुर चले जाएं। जमीन न छोड़ने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के साथ मारपीट भी की गई।
फरहान, साबिर और 35 अज्ञात पर भी मुकदमा
पुलिस ने विधायक ओसामा शहाब के अलावा फरहान और साबिर नाम के दो व्यक्तियों सहित 30-35 अज्ञात लोगों को नामजद किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और निर्माण स्थल पर हुई मारपीट के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
10 दिनों में दूसरी FIR
विधायक ओसामा शहाब के खिलाफ पिछले 10 दिनों में यह दूसरा बड़ा केस है।
5 अप्रैल का मामला: सेमरी गांव में वर्चस्व की जंग और गोलीबारी के बाद चंदन सिंह ने ओसामा पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था।
ताजा मामला: डॉक्टर दंपत्ति की जमीन कब्जाने और धमकी देने का है।

