यूपी में 200 सीटों पर लड़ने की तैयारी में AIMIM, 14 जून को ओवैसी करेंगे अभियान की शुरुआत

UP Elections 2027 : उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने अभी से अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी 14 जून को उत्तर प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि इसी दौरे के साथ AIMIM राज्य में अपने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत करेगी।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, AIMIM आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की करीब 200 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की रणनीति पर काम कर रही है।

बहराइच के मटेरा में होगी ओवैसी की जनसभा

जानकारी के अनुसार, असदुद्दीन ओवैसी रविवार को बहराइच जिले के मटेरा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जिस मटेरा विधानसभा सीट पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, वहां से समाजवादी पार्टी की मारिया शाह विधायक हैं।

मटेरा विधानसभा सीट का गठन वर्ष 2012 में हुआ था और तब से यह सीट लगातार समाजवादी पार्टी के कब्जे में रही है। अब तक हुए सभी विधानसभा चुनावों में सपा इस सीट पर जीत दर्ज करती रही है।

इटावा में भी शुरू हो चुका है चुनावी प्रचार

इससे पहले AIMIM ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के गृह जनपद इटावा में भी चुनावी गतिविधियां शुरू कर दी थीं। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने “2027 में गेम बदल देंगे” लिखे बैनर-पोस्टरों के साथ ई-रिक्शा रैली निकाली थी।

AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने इंडिया टीवी से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ना चाहती है। उनका कहना है कि प्रदेश में मुस्लिम और दलित वोटों का संयुक्त हिस्सा करीब 40 प्रतिशत है, जो चुनावी समीकरणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

बिहार और महाराष्ट्र की सफलता के बाद यूपी पर फोकस

बिहार विधानसभा चुनाव और महाराष्ट्र के निकाय चुनावों में मिले सकारात्मक परिणामों के बाद AIMIM अब उत्तर प्रदेश में भी मजबूती से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

हालांकि विधानसभा चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने 38 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 37 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 96 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसे केवल 0.43 प्रतिशत वोट ही प्राप्त हुए।

इसके बावजूद निकाय चुनावों में पार्टी को कुछ सफलता मिली है। वर्ष 2017 के निकाय चुनाव में AIMIM ने 78 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिनमें 29 उम्मीदवार विजयी रहे। वहीं 2023 के निकाय चुनाव में पार्टी ने पांच नगर पालिका परिषद सीटों पर जीत दर्ज की और 75 पार्षद भी निर्वाचित हुए।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.