अखिलेश की बेटी पर टिप्पणी को लेकर आजमगढ़ में बरसे सीएम योगी, बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं

Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों पर पहली बार सार्वजनिक मंच से बेहद कड़ा रुख अपनाया है। आजमगढ़ में शनिवार को एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि किसी भी बेटी के खिलाफ अमर्यादित आचरण को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसे ही यह मामला उनके ध्यान में आया, उन्होंने तुरंत पुलिस को एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, बेटी, बेटी होती है और उसका सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। हमारी संस्कृति ‘गांव की बेटी सबकी बेटी, गांव की बहन सबकी बहन’ के संस्कारों पर टिकी है। हम राजनीति में भेदभाव कर सकते हैं, लेकिन बेटियों के सम्मान के मुद्दे पर किसी प्रकार का समझौता संभव नहीं है।

अखिलेश यादव पर तीखा हमला

सीएम योगी ने इस मुद्दे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शालीनता का पाठ पढ़ाएं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, अखिलेश जी अपने चेलों-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दें कि वे अपनी भाषा पर संयम रखें। सपा के कुछ लोग लगातार महिलाओं, बुजुर्गों और दिवंगत नेताओं के प्रति भी अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करते हैं। अखिलेश जी उन्हें समझाइए, और अगर वे नहीं समझते हैं तो उन्हें हमारे हवाले कर दीजिए, हम उन्हें अच्छी तरह समझा देंगे। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में मर्यादा और शालीनता बनाए रखना हर दल की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आजमगढ़ को मिली 955 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं

इस राजनीतिक संदेश के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ जिले के विकास को नई रफ्तार देते हुए 955 करोड़ रुपये की लागत वाली 39 विकास परियोजनाओं का भव्य लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस विकास उत्सव के दौरान मंच पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Also Read: यूपी में 200 सीटों पर लड़ने की तैयारी में AIMIM, 14 जून को ओवैसी करेंगे अभियान की शुरुआत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.