सेवा और सुशासन के 12 वर्ष: जेपीएस राठौर ने बरेली में पेश किया मोदी सरकार का ऐतिहासिक रिपोर्ट कार्ड
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बरेली जनपद के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने शनिवार को सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष केवल शासन के नहीं, बल्कि जन-सेवा और राष्ट्रहित के प्रति अटूट विश्वास की स्वर्णिम कहानी हैं। इन 12 सालों में सरकार ने ‘सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भारत’ के संकल्प को पूरी तरह साकार किया है, जिससे देश आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बन चुका है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि साल 2014 से 2019 का समय जहाँ जन-कल्याण के लिए समर्पित रहा, वहीं 2019 से 2024 का कार्यकाल जन-आकांक्षाओं को पूरा करने वाला साबित हुआ। तीन तलाक के खिलाफ कानून, करदाताओं को आयकर में बड़ी राहत और ढांचागत सुधारों ने देश की दिशा बदल दी है। प्रभारी मंत्री ने विकास की गति को प्रमाणित करते हुए कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आंकड़े प्रस्तुत किए।

इंफ्रास्ट्रक्चर की रफ्तार: देश में अब रोजाना 34 किलोमीटर से अधिक नए राजमार्ग बन रहे हैं, जो 2014 में केवल 11.6 किमी प्रतिदिन थी। वहीं, हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 164 पार हो गई है।
कृषि और डिजिटल क्रांति: देश के खाद्यान्न उत्पादन में 71% की ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। वहीं, यूपीआई (UPI) ट्रांजैक्शन में 12,000 गुना की विशाल वृद्धि दर्ज की गई है।
पारदर्शिता और सरकारी बचत: डिजिटल पेमेंट और वेरिफिकेशन तकनीकों के सफल क्रियान्वयन से फर्जी लाभार्थियों को हटाकर सरकार ने ₹4.31 लाख करोड़ की बड़ी बचत की है।
सामाजिक सुरक्षा: गरीब कल्याण अन्न योजना से 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिला, आयुष्मान भारत से 60 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य कार्ड बने, और किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में ₹4.3 लाख करोड़ सीधे ट्रांसफर किए गए।

नाथ नगरी बरेली को मिलीं बड़ी सौगातें
प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने विशेष रूप से बरेली जनपद में हुए विकास कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि नाथ कॉरिडोर के जरिए शहर की धार्मिक व सांस्कृतिक भव्यता को नया रूप दिया गया है। आंवला की लिलौर झील का विकास पर्यटन स्थल के रूप में किया जा रहा है। बहेड़ी में 133 एकड़ में मेगा फूड पार्क और नवाबगंज में 114 एकड़ पर सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट जोन की स्थापना से रोजगार के नए साधन तैयार हो रहे हैं। साथ ही, नवाबगंज में बने अटल आवासीय विद्यालय से श्रमिक वर्ग के बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा मिल रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मेधावी छात्राओं मानवी पटेल (CBSE – 96.66%) और रंजना पाराशर (ICSE – 99.60%) की सफलता की सराहना करते हुए इसे बदलते भारत की तस्वीर बताया। इस अवसर पर बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य समेत क्षेत्र के सभी विधायक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Bareilly News: पॉक्सो एक्ट का वांछित गिरफ्तार, पुलिस ने नहर की पुलिया के पास से दबोचा

