अखिलेश यादव का चुनावी दांव, सपा की सरकार बनी तो 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 40 हजार रुपये देंगे पेंशन

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपना एजेंडा साफ कर दिया है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश ने लोकलुभावन घोषणाओं की झड़ी लगा दी और सत्तारूढ़ भाजपा पर तीखे प्रहार किए।

अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सालाना 40 हजार रुपये पेंशन के रूप में दिए जाएंगे।

स्मार्ट मीटर नहीं, भ्रष्टाचार का मीटर

स्मार्ट मीटर को लेकर जनता में व्याप्त असंतोष पर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा, स्मार्ट मीटर के नाम पर बिजली की ठगी चल रही है। जनता के गुस्से का मीटर हाई है क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि बेतहाशा बिल बढ़ने का कारण भाजपा का भ्रष्टाचार है। भाजपा ठेका देने से पहले ही कंपनियों से कमीशन वसूल लेती है, जिसकी भरपाई कंपनियां मीटरों को तेज चलाकर जनता की जेब से कर रही हैं। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि भाजपा के बिजली मीटर भी ईवीएम (EVM) की तरह हेराफेरी करते हैं। महंगे सिलेंडर और बिजली के बिल ही भाजपा का सत्ता से कनेक्शन काट देंगे।

बीजेपी को एक-एक सीट के लिए तरसा देंगे

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से 2027 के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, भाजपा को हराने के लिए आपसी तालमेल जरूरी है। हमारा लक्ष्य है कि 2027 में भाजपा एक-एक सीट के लिए तरस जाए। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि असली महिला विरोधी भाजपा ही है, जिसने कभी अपने संगठन में महिलाओं को उचित भागीदारी नहीं दी। सपा अध्यक्ष ने दोहराया कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) को एक मंच पर लाकर वे समाज के हर वर्ग को विशेष अवसर और भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

Also Read: रहमान फाउंडेशन की महिला विंग ने संभाली कमान, विकास नगर अग्निकांड के जरूरतमंदों में बांटे बर्तन और स्वच्छता किट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.