Apple मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड: पूर्व सिपाही प्रशांत चौधरी को 10 साल की सजा

Lucknow News : लखनऊ के चर्चित एपल एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड में अदालत ने दोषी पूर्व सिपाही प्रशांत चौधरी को 10 साल के कारावास की सजा सुनाई है। लखनऊ की जिला एवं सत्र अदालत ने 17 सितंबर को प्रशांत चौधरी को गैर-इरादतन हत्या का दोषी ठहराया था। सोमवार को अदालत ने सजा का ऐलान किया।

वहीं, मामले में आरोपी दूसरे सिपाही संदीप कुमार को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया है। करीब आठ साल से चल रहे इस मामले में अब अदालत ने दोषी पूर्व सिपाही की सजा तय कर दी है।

मृतक विवेक तिवारी

2018 में हुई थी विवेक तिवारी की हत्या

यह मामला वर्ष 2018 का है, जब एपल के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिसकर्मी प्रशांत चौधरी और संदीप कुमार आरोपी बनाए गए थे।

मामले की सुनवाई के दौरान अंतिम बहस 6 अगस्त को पूरी हुई थी। इसके बाद 17 सितंबर को अदालत ने प्रशांत चौधरी को गैर-इरादतन हत्या का दोषी करार दिया, जबकि साक्ष्यों के अभाव में संदीप कुमार को बरी कर दिया गया। सोमवार को अदालत ने प्रशांत चौधरी को 10 साल की सजा सुनाई।

फैसले से संतुष्ट नहीं हैं विवेक की पत्नी

दोषसिद्धि के बाद विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी ने अदालत के फैसले पर असंतोष जताया था। उनका कहना था कि उन्हें अदालत से न्याय की उम्मीद थी, लेकिन फैसला उनकी उम्मीद के मुताबिक नहीं आया।

कल्पना तिवारी ने प्रशांत चौधरी के प्रशिक्षित पुलिसकर्मी होने का हवाला देते हुए सवाल उठाया था कि गोली चलाने की घटना को सिर्फ एक गलती कैसे माना जा सकता है। उन्होंने कहा था कि वह अदालत के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख करेंगी

सोमवार को सजा सुनाए जाने के दौरान कल्पना तिवारी और उनके साले अदालत में मौजूद नहीं थे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.