शाम 7 बजे भी सड़क पर लड़कियां सुरक्षित नहीं, बिहार कांड पर राहुल गांधी का तीखा हमला

Rahul Gandhi: बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा के नाबालिग छात्र और छात्रा से कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक मुद्दा बन गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने घटना को लेकर बिहार सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि वीडियो बेहद बेचैन करने वाला है। उनके मुताबिक दोनों छात्रों को रास्ते में रोककर प्रताड़ित और अपमानित किया गया।

राहुल गांधी ने कहा कि वीडियो में छात्रा आरोपियों से हाथ जोड़कर जाने देने की गुहार लगाती दिख रही है। उन्होंने इस घटना को पितृसत्तात्मक सोच से जोड़ते हुए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ POCSO के तहत कार्रवाई और जल्द सजा की मांग की। उन्होंने यह भी पूछा कि 19 सितंबर की घटना होने के बावजूद कार्रवाई में देरी क्यों हुई और शाम 7 बजे सड़क पर लड़की सुरक्षित क्यों नहीं है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, सात पर केस

जमुई पुलिस के मुताबिक घटना 19 सितंबर की शाम की है। कोचिंग से लौट रहे दोनों नाबालिगों को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया। वायरल वीडियो में उन्हें घेरकर कथित तौर पर मारपीट और छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार करते देखा गया। एक वीडियो में छात्रा को उठाकर ले जाने की कोशिश भी दिखाई देती है।

पुलिस ने मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच के लिए SIT भी गठित की गई है।

महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

घटना पर बिहार राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले में रिपोर्ट मांगी है।

Also Read: बिहार में नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस, FIR दर्ज 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.