आजमगढ़ का 50 हजार का इनामी विकास सोरण हरियाणा से गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने शनिवार शाम हरियाणा के जींद जिले से 50,000 रुपये के इनामी अपराधी विकास सोरण को गिरफ्तार किया है। विकास सोरण आजमगढ़ के थाना देवगाँव में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व वाली टीम को सूचना मिली थी कि विकास सोरण हरियाणा में छिपा हुआ है। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए प्रयागराज यूनिट की टीम ने शनिवार (18 अप्रैल) शाम 06:45 बजे थाना सिविल लाइन, जींद के हुड्डा ग्राउंड के पास से उसे धर दबोचा।

शराब तस्करी सिंडिकेट का है हिस्सा

पूछताछ में अभियुक्त विकास सोरण ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। वह सुनील कुमार के नेतृत्व वाले एक अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। यह गैंग चण्डीगढ़ और हरियाणा से अवैध शराब पिकअप गाड़ियों में लोड करता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए शराब के ऊपर घरेलू सामान रखकर फर्जी बिल्टी और पेपर तैयार किए जाते थे। इस गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार और झारखंड तक फैला हुआ है।

बता दें कि पूर्व में आजमगढ़ पुलिस ने इस गिरोह की एक बड़ी खेप पकड़ी थी, जिसके संबंध में थाना देवगाँव में आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मामले में संलिप्तता के आधार पर विकास सोरण के विरुद्ध 22 अगस्त, 2023 को उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर इनाम घोषित किया गया था।

गिरफ्तार अभियुक्त को जीन्द के स्थानीय थाना सिविल लाइन में दाखिल किया गया है। एसटीएफ अब उसे न्यायालय जेएमआईसी (जींद) के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर प्रदेश लाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Also Read: Lucknow News: कुपोषण बढ़ा रहा मौत और जटिलताओं का खतरा, विशेषज्ञों ने बताए ठोस समाधान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.