Bareilly News: जेल से छूटते ही फिर शुरू की ‘कारीगरी’, पुलिस ने दबिश देकर चोर को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की आंवला पुलिस ने शनिवार को एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी के पास से चोरी किया गया जनरेटर का कीमती सामान और वारदात में इस्तेमाल उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।
मनोना धाम में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, मनोना धाम निवासी सज्जाद हुसैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके जनरेटर का एल्टीनेटर पैनल और वायरिंग काटकर चोरी कर लिया है। इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी थी।
ट्यूबवेल पर दबिश देकर गिरफ्तारी
देर रात चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक ट्यूबवेल के बाहर चारपाई पर लेटे हुए दुर्वेश (निवासी ग्राम कनगांव) को घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक एल्टीनेटर कवर (कॉपर क्वाइल सहित), चार एल्टीनेटर वायरिंग के केबल, चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए।
दोस्त के उकसावे में दोबारा की वारदात
पूछताछ में दुर्वेश ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह महज 5-6 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। घर पर उसका एक दोस्त आया और मोबाइल न होने व पैसों की तंगी का हवाला देकर चोरी का प्लान बनाया। आरोपी अपने भाई की बाइक लेकर ‘मोनू पंडित’ के साथ मनोना की टंकी पर जनरेटर खोलने गया था। आहट होने पर वे बाइक वहीं छोड़कर सामान के साथ खेतों के रास्ते भाग निकले थे।
पुराना अपराधी है दुर्वेश
पुलिस ने बताया कि आरोपी दुर्वेश का पुराना आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक नितिन शर्मा, मोहम्मद इशहाक, हेड कांस्टेबल सुमित कुमार और कांस्टेबल सोनू व भूपेंद्र कुमार शामिल रहे।
Also Read: UP IPS Transfer: बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, देवरिया और अम्बेडकरनगर को मिले नए पुलिस कप्तान

