बरेली पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा और डोडा के साथ तस्कर मोर सिंह को किया गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों और नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरेली की फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग और गश्त के दौरान हसनी जहांगीर मस्जिद के आगे हाईवे किनारे, बैगुल नदी की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते से एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए तस्करों के पास से पुलिस ने प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखा गया 1,480 ग्राम अवैध गांजा और 1,309 ग्राम डोडा छिलका बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बरेली के आदेश और पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी/उत्तरी) के दिशा-निर्देशन में क्षेत्राधिकारी फरीदपुर के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोर सिंह (उम्र 32 वर्ष) पुत्र नरेश पाल सिंह के रूप में हुई है, जो वर्तमान में फतेहगंज पूर्वी के सिमरा हरचन्द सिंह गांव में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15/20 में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ट्रक चालकों को बनाता था निशाना
पुलिस की कड़ाई से हुई पूछताछ में अभियुक्त मोर सिंह ने अपने इस अवैध धंधे के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उसने बताया कि वह मूल रूप से बदायूँ जिले के दातागंज थाना क्षेत्र के पडेवा गांव का रहने वाला है, लेकिन कई साल पहले उसका परिवार सिमरा हरचन्द्र सिंह आकर बस गया था। पिता के देहांत के बाद परिवार में मां, पत्नी और तीन बेटियों की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर है।
आरोपी ने कुबूला कि वह हाईवे से गुजरने वाले ट्रक ड्राइवरों से सस्ते दामों में थोक में गांजा और डोडा छिलका खरीदता था। इसके बाद वह उसी नशे को अन्य ट्रक चालकों और स्थानीय पियक्कड़ों को फुटकर में ऊंचे दामों पर बेच देता था। मोर सिंह ने बताया कि वह केवल कक्षा-2 तक पढ़ा है और परिवार के भरण-पोषण के नाम पर पिछले काफी समय से सिर्फ इसी काले धंधे में लिप्त था।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: फैमिली चोर गैंग का खुलासा, सरोजनीनगर पुलिस ने एक ही परिवार के 4 शातिर चोरों को दबोचा

