Bareilly News: मुठभेड़ के बाद शातिर लुटेरा ‘संजू’ गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस ने मंगलवार तड़के एक साहसिक मुठभेड़ के दौरान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल और पर्स छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सुभाषनगर पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है।

पराग फैक्ट्री के पास घेराबंदी, पुलिस पर दागीं गोलियां

मंगलवार सुबह करीब 4:00 बजे थाना सुभाषनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यामाहा FZ बाइक सवार एक लुटेरा, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर पराग फैक्ट्री के पास महिलाओं से मोबाइल और पर्स छीना था, वह करगैना चौकी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा है।

पुलिस टीम ने फतेहपुर रोड स्थित इटौआ मोड़ पर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने चेतावनी देते हुए आत्मसमर्पण को कहा, लेकिन बदमाश ने दोबारा फायर झोंक दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पहचान और वारदातों का कबूलनामा

पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम संजय उर्फ संजू उर्फ रघु (24 वर्ष), निवासी ग्राम सुकाली, थाना शाही (बरेली) बताया। संजू ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी अमित के साथ मिलकर शहर के तीन अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ लूट की थी।

इज्जतनगर (9 मार्च): रेलवे मार्केट के पास महिला का हैंडबैग छीना।

कैंट (12 मार्च): बुखारा मोड़ के पास स्कूटी सवार महिला का पर्स लूटा।

सुभाषनगर (13 मार्च): पराग फैक्ट्री के पास महिलाओं से मोबाइल और वॉलेट छीना।

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लूट का सामान और अवैध असलहा बरामद किया है।

शस्त्र: 01 तमंचा (315 बोर), 02 जिंदा कारतूस और 02 खोखा कारतूस।

वाहन: घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की यामाहा FZ बाइक।

लूटा गया माल: सैमसंग मोबाइल, ₹2500 नगद और पीड़ितों के आधार कार्ड।

पुलिस की अगली कार्रवाई

एसएसपी बरेली के निर्देशानुसार, घायल अभियुक्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके साथी अमित की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। मुठभेड़ के संबंध में सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Also Read: यूपी बनेगा ‘एजुकेशन हब’: ग्रेटर नोएडा में खुलेगा ‘मेट्रो विश्वविद्यालय’, योगी कैबिनेट ने दी भव्य कैंपस को मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.