UP को मिले 21 नए IAS अफसर, लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या समेत इन शहरों में संभालेंगे कमान
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक गलियारे में नई ऊर्जा का संचार होने जा रहा है। साल 2025 बैच के 21 प्रशिक्षु (ट्रेनी) आईएएस अधिकारियों को उनका पहला जिला आवंटित कर दिया गया है। मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में अपना प्रोफेशनल कोर्स फेज-1 पूरा करने के बाद, ये युवा अधिकारी अब जमीन पर काम करने के लिए सीधे जनपदों का रुख करेंगे।
17 अप्रैल से संभालेंगे जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव अरुणेश कुमार द्विवेदी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को सहायक मजिस्ट्रेट और सहायक कलेक्टर के रूप में तैनात किया गया है। ये सभी अफसर 17 अप्रैल 2026 को अकादमी से कार्यमुक्त होकर सीधे अपने आवंटित जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को रिपोर्ट करेंगे।
किसे कहाँ मिली तैनाती
शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, इन अधिकारियों को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग कोनों में भेजा गया है। श्वेता को लखनऊ, रिया सैनी को वाराणसी, आदित्य विक्रम अग्रवाल को अयोध्या, सलोनी गौतम को मथुरा और शिवम सिंह को प्रयागराज भेजा गया है। संदीप कुमार को कानपुर नगर, हेमंत को आगरा, मुकुल खांडेलवाल को गोरखपुर, शक्ति दुबे को मुरादाबाद और विद्यांशु शेखर झा को बाराबंकी में तैनाती मिली है।
कोमल पुनिया (इटावा), मयंक त्रिपाठी (कुशीनगर), संस्कृति त्रिवेदी (हरदोई), शिवांश सुभाष जगाड़े (बलरामपुर), सिद्धार्थ सिंह (आजमगढ़), रेखा सियाक (बांदा), आयुष जायसवाल (अलीगढ़), अपूर्वा सिंह (बस्ती), आयुष सैनी (झांसी), थनीगैयारासन टी. (अम्बेडकर नगर) और रामभ्रोश सरन (सहारनपुर)। इन प्रशिक्षु अधिकारियों के आगमन, यात्रा और राज्य सरकार में उनके योगदान की पूरी व्यवस्था देखने के लिए कार्मिक विभाग के विशेष सचिव विजय कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
Also Read: Bareilly News: मुठभेड़ के बाद शातिर लुटेरा ‘संजू’ गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

