टेस्ट क्रिकेट के लिए BCCI का स्पेशल प्लान, वीवीएस लक्ष्मण को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टेस्ट क्रिकेट को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
रेड बॉल फॉर्मेट को बढ़ावा देने के लिए बोर्ड ने एक विशेष योजना तैयार की है, जिसके तहत अंडर-19 और अंडर-25 स्तर पर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तर की टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस पूरी पहल की जिम्मेदारी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के डायरेक्टर VVS Laxman और उनकी टीम को सौंपी गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की अंडर-19 और अंडर-25 टीमें टेस्ट मैच सीरीज के लिए Sri Lanka का दौरा करेंगी।
अंडर-19 टीम हाल ही में कप्तान आयुष म्हात्रे की अगुवाई में वर्ल्ड कप खिताब जीत चुकी है। इस दौरे में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के भी टेस्ट क्रिकेट में नजर आने की संभावना है।

इंट्रा-COE टूर्नामेंट का आयोजन
बीसीसीआई का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जून-जुलाई में इंट्रा-COE रेड बॉल टूर्नामेंट आयोजित करेगा। यह टूर्नामेंट आईपीएल 2026 के समापन के तुरंत बाद शुरू होगा, जिसमें 4-दिवसीय मैच खेले जाएंगे।
इसका मकसद टेस्ट फॉर्मेट के लिए भविष्य के संभावित स्टार खिलाड़ियों को तैयार करना है।
इस टूर्नामेंट में 25 वर्ष से कम उम्र के 64 युवा क्रिकेटरों को मौका दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया और प्रतिभा की पहचान में वीवीएस लक्ष्मण की भूमिका अहम होगी।
साथ ही, राष्ट्रीय चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ को भी रेड बॉल क्रिकेट के लिए प्रतिभा निर्माण पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए गए हैं।
टेस्ट टीम के हालिया प्रदर्शन से जुड़ा फैसला
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब भारतीय टेस्ट टीम हाल के दिनों में संघर्ष करती नजर आई है। पिछली पांच टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को सिर्फ एक में जीत मिली है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में भारत फिलहाल छठे स्थान पर है, जिससे फाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल होती दिख रही है।
बीसीसीआई की यह नई रणनीति टेस्ट क्रिकेट के भविष्य को सुरक्षित करने और लंबी फॉर्मेट में भारत की मजबूत वापसी की तैयारी के तौर पर देखी जा रही है।
Also Read: नई पीढ़ी का एक्सप्रेस पेसर, अशोक शर्मा की रफ्तार ने बदला IPL 2026 का खेल

