यूपी कैबिनेट की बड़ी बैठक आज, उद्योग और समाज कल्याण पर बरसेंगी सौगातें

Sandesh Wahak  Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज एक महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक करने जा रही है, जिसमें राज्य के विकास और सामाजिक उत्थान से जुड़े कई दर्जन प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में उद्योग, समाज कल्याण और बुनियादी ढांचे से जुड़े बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है। वहीं, प्रशासनिक गलियारे से एक बड़ी खबर यह है कि ग्राम्य विकास विभाग में तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रजनीश चंद्र ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन कर दिया है।

कैबिनेट बैठक: उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा, समाज कल्याण पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कैबिनेट के साथ गहन मंथन करेंगे। राज्य में निवेश को आकर्षित करने के लिए नई औद्योगिक नीतियों और समाज कल्याण विभाग के तहत पेंशन व अन्य योजनाओं के सरलीकरण से जुड़े प्रस्ताव पास हो सकते हैं। सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकारी कर्मियों के लिए ‘डिजिटल’ रिपोर्ट कार्ड अनिवार्य

प्रमुख सचिव कार्मिक एम. देवराज ने राज्यकर्मियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वर्ष 2025-26 के लिए सभी स्तरों के राज्यकर्मियों की वार्षिक प्रविष्टियां अब पूरी तरह ऑनलाइन होंगी। समूह क, ख और ग के अधिकारियों को 31 मई तक अपना स्व-मूल्यांकन पोर्टल पर अपलोड करना होगा। यदि संबंधित अधिकारी (प्रतिवेदक/समीक्षक) निर्धारित समय (जुलाई से दिसंबर के बीच) तक अपना कमेंट दर्ज नहीं करते हैं, तो रिपोर्ट ‘ऑटो फॉरवर्ड’ हो जाएगी।

7 और 8 अप्रैल: ‘कर्मयोगी’ बनेंगे यूपी के अधिकारी

डिजिटल युग के साथ कदम मिलाने के लिए कार्मिक विभाग ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लर्निंग अनिवार्य कर दी है। सभी कर्मियों को 7 व 8 अप्रैल को शाम 4 से 6 बजे के बीच 4 घंटे का एआई संबंधित कोर्स पूरा करना होगा। इसका उद्देश्य सरकारी कामकाज में तकनीक और एआई की समझ को बढ़ाना है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.