बीजेपी की जीत ने निवेशकों की भरी झोली, शेयर बाजार में 1900 अंकों की भारी उछाल
Sandesh Wahak Digital Desk: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों के रुझानों ने सोमवार को शेयर बाजार में जबरदस्त उत्साह भर दिया है। पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सुनामी, असम और पुडुचेरी में फिर से सरकार बनाने के संकेतों ने दलाल स्ट्रीट पर निवेशकों को गदगद कर दिया। सेंसेक्स 1900 अंकों की छलांग के साथ खुला, जिससे बाजार का कुल मार्केट कैप 463 लाख करोड़ से बढ़कर 469 लाख करोड़ रुपये पर पहुँच गया। चुनावी नतीजों की इस बहार ने निवेशकों की संपत्ति में महज कुछ ही घंटों में 6 लाख करोड़ रुपये का इजाफा कर दिया है।
तमिलनाडु में थलापति का जादू और ग्लोबल राहत
बाजार की इस तेजी में तमिलनाडु के चौंकाने वाले रुझानों ने भी अहम भूमिका निभाई है, जहाँ दिग्गज द्रविड़ दलों को पीछे छोड़ते हुए एक्टर विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरी है। इसके अलावा, वैश्विक मोर्चे से आई खबरों ने भी बाजार को सहारा दिया। अमेरिका द्वारा हॉर्मुज स्ट्रेट में ऑपरेशन फ्रीडम चलाने के ऐलान से वहां फंसे जहाजों के निकलने का रास्ता साफ हुआ है, जिससे कच्चे तेल की कीमतें गिरकर 108 डॉलर पर आ गई हैं। ईरान की ओर से अमेरिका को दिए गए 14-सूत्रीय शांति प्रस्ताव ने भी एशियाई बाजारों में पॉजिटिव सेंटीमेंट बनाया है।
सेंसेक्स और निफ्टी की मौजूदा स्थिति
तीन दिनों की लंबी छुट्टी के बाद खुले बाजार में आज रिकॉर्ड तोड़ हलचल देखी गई। सेंसेक्स 78,659 के स्तर पर ओपनिंग के बाद फिलहाल 77,574.32 के आसपास मजबूती के साथ कारोबार कर रहा है। निवेशकों का मानना है कि राज्यों में राजनीतिक स्थिरता और ग्लोबल टेंशन में कमी आने से आने वाले दिनों में बाजार नई ऊंचाई छू सकता है।

