Lucknow News: लोकभवन में सीएम योगी ने लेखा परीक्षकों को बांटे नियुक्ति पत्र, विपक्ष पर साधा निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी के लोकभवन में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा चयनित लेखा परीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों की भर्ती प्रक्रिया पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में नौकरियों की बंदरबांट होती थी, लेकिन आज पूरी पारदर्शिता के साथ मेधावियों को उनका हक मिल रहा है।

वित्त मंत्री के जिले से हुए चयन, पर उन्हें खबर तक नहीं

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की ओर इशारा करते हुए एक बड़ा उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “शाहजहांपुर से कई अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। वित्त मंत्री जी वहीं के हैं, लेकिन उन्हें यह तक नहीं पता कि किसका चयन हुआ है। यह बदलती हुई व्यवस्था का सबूत है।” सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि पहले पेपर लीक होता था और जो कसर बचती थी, उसे ‘चाचा-भतीजे’ मिलकर पूरा कर देते थे।

पारदर्शिता का दावा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने बताया कि आज की भर्ती में हर जाति और संप्रदाय के मेधावी चुनकर आ रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि “हमारे गोरखपुर का एक सरदार ऑडिटर बना है और लखनऊ की एक मुस्लिम बेटी का भी चयन हुआ है। यह साबित करता है कि प्रदेश में अब किसी भी आधार पर भेदभाव नहीं होता, केवल योग्यता ही एकमात्र मानक है।”

“बेटियां किसी से पीछे नहीं”

नियुक्ति पत्र पाने वालों में महिला अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या देख मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि बेटियों ने अपनी योग्यता से साबित कर दिया है कि वे किसी से पीछे नहीं हैं। सीएम ने कड़े लहजे में कहा, “बेटियों को उनका अधिकार देना ही पड़ेगा, कोई कितना भी विरोध कर ले, उन्हें अब पीछे नहीं धकेला जा सकता।”

योगी आदित्यनाथ ने पुरानी कार्यप्रणाली का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भर्ती बोर्ड को कई जगह से सूचियां भेजी जाती थीं और बोर्ड अध्यक्ष अपनी अलग लिस्ट बना लेते थे। मेधावियों के लिए कुछ बचता ही नहीं था। उन्होंने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को बधाई देते हुए कहा कि बोर्ड ने पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की है, जिससे अयोग्य लोगों की दाल अब नहीं गलेगी।

Also Read: खराब मौसम में फंसा केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक का विमान, 3 बार लैंडिंग में फेल होने के बाद भोपाल डायवर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.