पूर्व मंत्री की टिप्पणी पर भड़की भाकियू, कई जिलों में भारी बवाल, हाथरस में दरोगा पर चढ़ाई गाड़ी

UP News: पूर्व मंत्री मदन चौहान की ओर से किसान नेताओं पर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बवाल देखने को मिला। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं ने पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों से हापुड़ के लिए कूच किया, जिसे रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हाथरस में हिंसक झड़प, दरोगा घायल

हाथरस में माहौल उस समय बेहद तनावपूर्ण हो गया जब भाकियू कार्यकर्ताओं ने पुलिस घेरा तोड़ने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की के दौरान एक गाड़ी कस्बा इंचार्ज के पैर पर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की और सीओ की गाड़ी को भी निशाना बनाया।

अलीगढ़ और हापुड़ में भारी तनाव

अलीगढ़: गभाना टोल प्लाजा पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन दर्जनों गाड़ियों का काफिला बैरियर तोड़कर निकल गया।

हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर: पूर्व मंत्री मदन चौहान के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। लखनऊ, हरदोई, संभल और बदायूं से भी किसान नेता गढ़मुक्तेश्वर पहुँच रहे हैं। पुलिस ने कई स्थानीय पदाधिकारियों को नजरबंद भी किया है।

यह पूरा विवाद चितौड़ा गांव में एक ढाबे के उद्घाटन के दौरान शुरू हुआ। भाकियू (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने मंच से बयान दिया कि यह ढाबा यूनियन का है, खूब चलाएं और भाजपा को हराएं। इस पर पास बैठे पूर्व मंत्री मदन चौहान भड़क गए। उन्होंने भानु प्रताप पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के अपमान का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद भाकियू ने मदन चौहान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

Also Read: Bhooth Bangla Review: टिकट बुक करने से पहले जान लें ये 5 बड़ी कमियां, कहीं उम्मीदों पर न पड़े भारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.