लखीमपुर खीरी कचहरी में खूनी संघर्ष, वकील ने चचेरे भाई के सीने में उतारी गोली, मची भगदड़

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित कचहरी परिसर सोमवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। आपसी रंजिश के चलते एक वकील ने अपने ही चचेरे भाई (जो खुद भी वकील है) के सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद घायल वकील को गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

विवाद, हाथापाई और फिर वारदात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह उस वक्त हुई जब कचहरी में कामकाज शुरू ही हुआ था। आरोपी वकील विराट राज और उसके चचेरे भाई जितेंद्र राज के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। मौके पर मौजूद अन्य वकीलों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद विवाद फिर भड़क उठा। इसी बीच विराट ने तमंचा निकाला और जितेंद्र के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही जितेंद्र लहूलुहान होकर तख्त पर गिर पड़े।

खेत की मेड़ से शुरू हुई रंजिश

पुलिस की प्राथमिक जांच में इस खूनी वारदात के पीछे खेत की मेड़ का पुराना विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई आसपास के तख्तों पर ही वकालत की प्रैक्टिस करते थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी विराट राज मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

कचहरी जैसे संवेदनशील स्थान पर गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक (SP) ख्याति गर्ग और ASP विवेक तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

Also Read: BJP स्थापना दिवस: कार्यकर्ताओं को संबोधित कर भावुक हुए पीएम मोदी, बोले- ‘पार्टी नहीं, यह हमारी मां है’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.