Barabanki News: पीएसी परिसर में फंदे से लटका मिला महिला सिपाही का शव

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मसौली स्थित 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला सिपाही का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका पाया गया। मृतका की पहचान 28 वर्षीय शिल्पी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इटावा के जसवंतनगर की रहने वाली थीं। शिल्पी 2016 में खेल कोटे से पुलिस विभाग में भर्ती हुई थीं और एक कुशल तलवारबाजी खिलाड़ी थीं।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि शिल्पी वर्तमान में कानपुर में तैनात थीं, लेकिन एक महीने पहले ही उन्हें प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए बाराबंकी पीएसी से संबद्ध किया गया था। घटना का पता तब चला जब मंगलवार शाम अभ्यास के लिए शिल्पी के न पहुंचने पर उनकी सहेली उन्हें बुलाने कमरे पर गई। खिड़की से झांकने पर शिल्पी का शव लटका देख सहकर्मियों के होश उड़ गए।

तलाक और मानसिक तनाव की बात आई सामने

जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) को अपनी आत्महत्या का कारण बताया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शिल्पी का करीब दो साल पहले तलाक हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Also Read: हरियाणा निकाय चुनाव: सोनीपत में भाजपा का खिला कमल, हुड्डा के गढ़ सांपला में भी कांग्रेस को झटका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.