Lucknow News: 69 हजार शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने किया मायावती आवास का घेराव, पुलिस से धक्का-मुक्की
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 69 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन अपनी मांगों को लेकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। अपनी नियुक्ति की गुहार लगाने के लिए करीब 35 से 40 अभ्यर्थी बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के आवास का घेराव करने पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान एक महिला अभ्यर्थी सड़क पर ही बैठ गई, जिसे हटाने के प्रयास में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। करीब 15 मिनट तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।
6,800 पदों पर आरक्षण घोटाले का आरोप
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार पर सर्वोच्च न्यायालय में गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया। अभ्यर्थियों का कहना है कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 6,800 सीटों पर आरक्षण में गड़बड़ी की बात स्वीकार कर चुके हैं। लोअर कोर्ट और हाईकोर्ट से भी उनके पक्ष में फैसला आ चुका है। इसके बावजूद सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में 8,270 पदों का एफिडेविट दाखिल किया है, जिसमें से लगभग 4,946 ऐसे नाम शामिल हैं जो पहले ही तीन बार बाहर किए जा चुके हैं।

अभ्यर्थियों का ऐलान, मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
आंदोलनकारियों का दावा है कि सरकार के नए फॉर्मूले से पिछड़े और दलित वर्ग के मात्र 3,300 अभ्यर्थियों को ही रोजगार मिल पाएगा, जबकि असल घोटाला 6,800 सीटों का है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पहली, दूसरी और तीसरी काउंसलिंग में हिस्सा न लेने वाले अभ्यर्थियों के स्थान पर मेरिट सूची के नए अभ्यर्थियों को मौका दिया जाए और सुप्रीम कोर्ट में दाखिल आंकड़ों में से गैर-जरूरी 4,946 पदों को घटाकर सही वर्गवार स्थिति स्पष्ट की जाए। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
Also Read: जून में भी 2 लाख करोड़ रुपये के पार रहा क्रेडिट कार्ड खर्च, HDFC बैंक और SBI कार्ड रहे सबसे आगे

