CJP और केंद्र की बैठक खत्म, 2 मांगों पर बनी सहमति, धर्मेंद्र प्रधान पर अभी फैसला बाकी
Cockroach Janata Party: केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों के बीच शुक्रवार को अहम बैठक हुई। यह बातचीत दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के वीपी भवन में हुई। बैठक में केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मौजूद रहे, जबकि CJP की तरफ से राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका और मुख्य प्रवक्ता सौरव दास शामिल हुए।
बैठक के बाद CJP नेताओं ने बताया कि सरकार के साथ करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान पार्टी ने अपनी तीन प्रमुख मांगें रखीं। CJP का कहना है कि सरकार ने इनमें से दो मांगों पर सैद्धांतिक सहमति जताई है, जबकि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर जवाब देने के लिए समय मांगा गया है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत ये थीं मांगें
CJP नेता आशुतोष रांका ने बताया कि पहली मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने या उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की है। दूसरी मांग नीट की तैयारी करने वाले उन छात्रों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की है, जिन्होंने आत्महत्या की है। तीसरी मांग प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR और कानूनी मामलों को वापस लेने की है।
दो मांगों पर सरकार ने जताई सहमति
आशुतोष रांका ने कहा, “सरकार ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर कल दोपहर तक का समय मांगा है। हमें उम्मीद है कि सरकार जल्द फैसला लेगी। वहीं मुआवजे और छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग पर सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।” बैठक की तस्वीरों में CJP प्रतिनिधि केंद्रीय मंत्रियों को अपनी मांगों से जुड़ा पत्र सौंपते हुए नजर आए।
Also Read: नीट पेपर लीक पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, परीक्षा सिस्टम को फुलप्रूफ बनाने के दिए निर्देश

