CM शुभेंदु अधिकारी की पहली कैबिनेट बैठक, 5 बड़े फैसलों से बंगाल में ‘डबल इंजन’ सरकार का आगाज

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को अपनी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक की।

इस बैठक में शासन, सुरक्षा और केंद्र–राज्य समन्वय पर फोकस करते हुए पांच अहम फैसलों पर मुहर लगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में “डबल इंजन सरकार” के रोडमैप को तेजी से लागू करना उनकी प्राथमिकता होगी।

पहली कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री के साथ सभी पांच कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में राज्य के मतदाताओं, निर्वाचन आयोग और पूरी चुनावी प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया गया।

CM Suvendu Adhikari

पहली कैबिनेट बैठक के पांच बड़े फैसले

  1. आयुष्मान भारत योजना लागू होगी
    राज्य में केंद्र सरकार के सहयोग से आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का फैसला किया गया। इसके तहत गरीब और कमजोर परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध होगा।
  2. IAS–IPS अधिकारियों को केंद्रीय प्रशिक्षण की अनुमति
    नियमों के तहत आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने की स्वीकृति दी गई।
  3. भारतीय न्याय संहिता (BNS) लागू
    राज्य में आज से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) को लागू करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार ने नए आपराधिक कानून को लागू नहीं किया था और पुराने आईपीसी-सीआरपीसी के तहत ही काम किया जा रहा था।
  4. सीमावर्ती इलाकों में भूमि हस्तांतरण
    सीमावर्ती क्षेत्रों में जमीन ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया गया। 45 दिनों के भीतर आवश्यक भूमि बीएसएफ को सौंपने के निर्देश दिए गए, ताकि सीमा पर बाड़बंदी का काम तेज हो सके।
  5. बीजेपी कार्यकर्ताओं के परिवारों की जिम्मेदारी सरकार लेगी
    बंगाल में राजनीतिक हिंसा में मारे गए बीजेपी के 321 कार्यकर्ताओं के परिवारों की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाएगी। पार्टी का दावा है कि पिछली सरकार के दौरान 300 से अधिक कार्यकर्ताओं की हत्या हुई थी।

मुख्यमंत्री का बयान

कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सीमावर्ती जिलों में बदलते जनसांख्यिकीय हालात को देखते हुए यह फैसला जरूरी था।

मुख्य सचिव और भूमि एवं भू-राजस्व विभाग के सचिव को 45 दिनों के भीतर भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने जानबूझकर जनगणना और उससे जुड़े परिपत्रों को रोके रखा, जिससे महिलाओं के आरक्षण जैसे मुद्दे प्रभावित हुए। नई सरकार ने इन प्रक्रियाओं को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मंजूरी दे दी है।

विधानसभा चुनाव का परिणाम

293 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में इस बार पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है। चुनाव में बीजेपी को 207 सीटें मिलीं, जबकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई।

चुनावी जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बने। उन्होंने भवानीपुर विधानसभा सीट से ममता बनर्जी को 15,105 मतों से हराया।

Also Read: Chandranath Rath Murder Case: अयोध्या में छिपा था मुख्य आरोपी राज सिंह, UPI पेमेंट से खुला राज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.