UP Politics: पंचायत चुनाव से पहले धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी की CM योगी से मुलाकात, सियासी हलचल तेज

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अहम मुलाकात के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव 2027 और पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच जौनपुर के बाहुबली नेता धनंजय सिंह की पत्नी और जौनपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला रेड्डी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है।

इस दौरान उनके साथ बीजेपी के एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ भी मौजूद रहे।

यह पहली बार है जब श्रीकला रेड्डी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से औपचारिक मुलाकात की है। इस बैठक के बाद राज्य की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात बीजेपी एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ के माध्यम से तय हुई थी।

मुख्यमंत्री से मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें श्रीकला रेड्डी के साथ एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ बैठक में नजर आ रहे हैं।

राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को यूपी विधानसभा चुनाव 2027 और पंचायत चुनावों से जोड़कर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी, जौनपुर में सियासी संतुलन साधने के लिए श्रीकला रेड्डी की भूमिका को अहम मान सकती है।

धनंजय सिंह को जौनपुर की राजनीति में एक प्रभावशाली और बाहुबली नेता के तौर पर जाना जाता है। वर्ष 2009 में वे बहुजन समाज पार्टी से सांसद भी रह चुके हैं।

Srikala Reddy

श्रीकला रेड्डी उनकी तीसरी पत्नी हैं और तेलंगाना के एक राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में उन्होंने जौनपुर के वार्ड 45 से जिला पंचायत सदस्य के रूप में जीत दर्ज की थी, जिसके बाद वे जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में बसपा सुप्रीमो मायावती ने श्रीकला रेड्डी को टिकट दिया था, लेकिन बाद में वह टिकट वापस ले लिया गया।

इसके बाद धनंजय सिंह और उनके परिवार की बीजेपी से बढ़ती नजदीकियों की चर्चा होने लगी। अब मुख्यमंत्री योगी से श्रीकला रेड्डी की यह मुलाकात जौनपुर में संभावित नए सियासी गठबंधन के संकेत के रूप में देखी जा रही है।

Also Read: Chandranath Rath Murder Case: अयोध्या में छिपा था मुख्य आरोपी राज सिंह, UPI पेमेंट से खुला राज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.