हर घर तिरंगा अभियान का आगाज, सीएम योगी बोले- राष्ट्रध्वज और महापुरुषों का अपमान करने वालों को मिलेगा कठोर दंड

Lucknow News: काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत ‘तिरंगा यात्रा युवाओं के साथ’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हजारों युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विरासत का अपमान बर्दाश्त नहीं

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों वाला राष्ट्रीय ध्वज नहीं है, बल्कि यह 140 करोड़ देशवासियों की सादगी, विकास, विरासत और आन-बान-शान का प्रतीक है। सीएम योगी ने चेतावनी देते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के राष्ट्रीय प्रतीकों और महापुरुषों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। भारत में रहकर देश की विरासत या स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने वालों के खिलाफ अब कठोर दंड का प्रावधान है, यह प्रवृत्ति बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएगी।

युवाओं के पास हर चुनौती का समाधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की युवा ऊर्जा में देश की हर आपदा और चुनौती से निपटने का अद्वितीय सामर्थ्य है। आवश्यकता इस बात की है कि युवाओं को पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के लिए सही मंच प्रदान किया जाए। उन्होंने इस वर्ष राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का भी जिक्र किया और कहा कि वंदे मातरम और जन गण मन हमारी राष्ट्रीय अस्मिता के सबसे बड़े आधार हैं, जिनका सम्मान करना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।

तिरंगे से मिलता है असंभव को संभव करने का हौसला

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा सीमाओं पर डटे जवानों के बलिदान की प्रेरणा है और जब खेल के मैदान में तिरंगा लहराता है तो खिलाड़ियों के भीतर असंभव लक्ष्य को प्राप्त करने का आत्मविश्वास भर जाता है। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर हर घर में आन-बान-शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराएं।

Also Read: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई का वीडियो आया सामने, अफवाहों को ईरानी मीडिया ने किया खारिज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.